मौसम विभाग ने कहा है कि आने वाले हफ्ते में मौसम सुहाना रहेगा और मानसून 24 जुन को दिल्ली में दस्तक दे सकता है। तब तक दिल्ली और आसपास के इलाकों में बौछारें पड़ती रहेंगी।
दिल्ली वासियों को कल सुबह हुई बारिश से तपती गर्मी से राहत मिली है। राजधानी में पारा 40 डिग्री से नीचे जा पहुंचा। स्काईमेट वेदर के मुताबिक राजधानी में अगले तीन दिनों तक सुबह और शाम को हल्की बौछारें पड़ने का अनुमान है।
मौसम विभाग कहता है कि इस बार मानसून कुछ दिन पहले आने वाला है। आमतौर पर मानसून 27 जून को दिल्ली पहुंचता है। अनुमान है कि पश्मिची उत्तर प्रदेश व उत्तराखंड में मानसून 22 जून को दस्तक देगा।
मौसम विज्ञान विभाग के हिसाब से 22 जून से 24 जून के बीच स्थितियां अनुकूल बन रही हैं, इस दौरान उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों और हिमालय के पहाड़ी इलाकों में मानसून का आगमन होगा। इसके बाद ही दिल्ली-एनसीआर में मानसून के आने की उम्मीद है।
लद्दाख, गिलगित बाल्टिस्तान में न के बराबर बारिश
मौसम विभाग के मुताबिक जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद में न के बराबर बारिश होगी। इन इलाकों को छोड़कर देश के बाकी हिस्सों में अच्छी बारिश होने की संभावना है। पश्चिमी राजस्थान, पंजाब, हरियाणा और गुजरात के अलग अलग हिस्सों में भी अगले हफ्ते से बारिश शुरू हो जाएगी।