पीजी के 82 पाठ्यक्रमों की 13,500 सीटों पर पंजीकरण के लिए 25 मई अंतिम तारिख
एनसीवेब में पीजी दाखिले के लिए भी साथ में ही होगा पंजीकरण
इस बार हिन्दू स्टडीज, पब्लिक हैल्थ, चाइनीज स्टडीज, कोरियन स्टडीज व मास्टर इन फाइन आर्ट्स को भी किया गया शामिल
कॉमन सीट एलोकेशन सिस्टम (सीएसएएस) दाखिला पोर्टल पर करना होगा पंजीकरण
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) के शैक्षणिक सत्र 2024-25 में 82 स्नातकोत्तर (पीजी) कोर्सेज की 13,500 सीटों पर दाखिले के लिए पंजीकरण प्रक्रिया 25 अप्रैल से शुरू होगी। इसके लिए डीयू के कॉमन सीट एलोकेशन सिस्टम (सीएसएएस) पीजी पर जाकर पंजीकरण कराना होगा, जो की उसी दिन लांच होगा। पोर्टल पर पंजीकरण करने के लिए आवेदकों को एक माह का समय मिलेगा। पंजीकरण प्रक्रिया 25 मई को समाप्त होगी।
डीयू के पीजी कोर्सेज व नॉन कॉलिजिएयेट वूमेंस एजुकेशन बोर्ड (एनसीवेब) में पिछले साल की तरह इस बार भी दाखिले कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेस टेस्ट (सीयूईटी पीजी) के स्कोर के आधार पर होंगे। दाखिले का दूसरा चरण जून से शुरू होगा। इसमें सीटों का आवंटन किया जाएगा। डीयू ने शुक्रवार को दाखिला प्रक्रिया की घोषणा कर दी। कुलपति प्रो. योगेश कुमार सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि पीजी दाखिले के लिए पंजीकरण प्रक्रिया 25 अप्रैल से शुरू होगी और 25 मई तक विद्यार्थी पंजीकरण कर सकेंगे।
पिछले साल पीजी के 77 प्रोग्राम में दाखिले लिए गए थे। इस साल प्रोग्राम की संख्या 82 हो गई है। इस बार एमए हिंदू स्टडीज, एमए पब्लिक हेल्थ, एमए चाइनीज स्टडीज, एमए कोरियन स्टडीज और मास्टर इन फाइन आर्ट्स को भी शामिल किया गया है। पंजीकरण प्रक्रिया समाप्त होने के बाद सीट आवंटन की प्रक्रिया जून से शुरू हो जाएगी। डीयू दाखिला डीन प्रो. हनीत गांधी ने बताया कि इस वर्ष पीजी के लिए एनसीवेब सहित कुल 13,500 सीटों पर दाखिले किए जाएंगे। दाखिले में किसी प्रकार की परेशानी ना हो इसके लिए पंजीकरण प्रक्रिया के दौरान ही तीन वेबिनार किए जाएंगे। इनमें से एक बीटेक, दूसरा एलएलबी, और तीसरा आरक्षित श्रेणी के छात्रों की दाखिला प्रक्रिया पर आधारित होगा। इसमें छात्रों को दाखिले से जुड़ी प्रत्येक छोटी बड़ी जानकारी दी जाएगी।