किसानों का विरोध लंबे अर्से से चलने के बाद भी प्रदेश सरकार आबादी
नियमावली पर ध्यान नहीं दे रही थी, लेकिन जैसे ही इसकी जानकारी सपा मुखिया
मुलायम सिंह यादव को लगी, उन्होंने प्रदेश सरकार को खरीखोटी सुनाते हुए
किसान हित में निर्णय लेने को कहा था। इसके बाद फौरन संशोधित आबादी
नियमावली पास हो गई। इतना ही नहीं शासन ने हाल में ही पंचायत व्यवस्था को
भी भंग कर दिया है, इससे भी मुलायम खासे नाराज हैं।
रविवार शाम को
मुलायम सिंह ओखला उद्यान में एक शादी में आए थे। वहां उन्होंने पश्चिमी
उत्तर प्रदेश में पार्टी की स्थिति और विकास कार्यों की समीक्षा की थी।
इस
दौरान सपा युवा नेता अशोक चौहान ने आबादी नियमावली पास न करने की मौखिक
शिकायत के साथ ही नोएडा में पंचायत व्यवस्था खत्म करने की भी शिकायत की थी।
अशोक ने बताया कि मुलायम सिंह ने इसके लिए लिखित में मांगा था। मंगलवार को
इसकी लिखित में शिकायत भी भेज दी गई।
समीक्षा के वक्त ही सपा मुखिया ने
फोन पर ही प्रदेश के किसी बड़े अफसर को फटकार भी लगाई थी। कहा था कि एक-दो
दिन में किसानों की मांग पूरी करा दी जाएगी।
इसके बाद बुधवार को ही राज्य
सरकार ने आबादी नियमावली को पास कर दिया। चौहान ने बताया कि सपा मुखिया ने
पंचायत व्यवस्था खत्म करने के मामले में लखनऊ बुलाया है।
उन्होंने समीक्षा
के वक्त यह भी कहा था कि नोएडा-ग्रेटर नोएडा में अभी तक पंचायत व्यवस्था
रोड़ा नहीं अटका रही थी, फिर अचानक अब क्या जरूरत पड़ गई। नेताजी ने
आश्वासन दिया है कि इस संबंध में मुख्यमंत्री से भी बात की जाएगी।