आरबीआई (रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया) की वेबसाइट पर शिकायत दर्ज कराने के बाद सीए के खाते से निकाले गए 1.20 लाख रुपये उसे वापस मिल गए। पीड़ित का कहना है कि वह एक माह से शिकायत लेकर थानों के चक्कर काट रहा था।
सेक्टर-26 में रहने वाले आयुष जैन पेशे से सीए हैं। सेक्टर-18 स्थित आईसीआईसीआई बैंक में उनका चालू खाता है। एक माह पहले ठगों ने उनका कार्ड क्लोन कर खाते से 1.20 लाख रुपये की ऑनलाइन शॉपिंग कर ली थी, जिसका पता मोबाइल पर मैसेज आने पर चला।
पीड़ित सीए ने कस्टमर केयर पर तुरंत कॉल कर खाता ब्लॉक कराया। पीड़ित आयुष ने बताया कि थाना पुलिस ने शिकायत तो ले ली, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। इसके बाद सीए ने साइबर सेल से शिकायत की। साइबर सेल ने पीड़ित को आरबीआई की होमबड्स की वेबसाइट पर शिकायत करने को कहा।
पीड़ित ने 5 जून को उस पर शिकायत दर्ज करा दी। सीए ने बताया कि 26 जून को उनके खाते में पूरे 1.20 लाख रुपये वापस जमा करा दिए गए। साइबर एक्सपर्ट अनुज अग्रवाल ने बताया कि अगर किसी खाते से अधिक रुपये निकल जाते हैं तो वह आरबीआई की होमबड्स वेबसाइट पर शिकायत दर्ज करा सकता है।