पीएनजी पाइपलाइन बिछाने के बाद गड्ढों को मलबे से ढका, रात में वाहन चालकों और राहगीरों की बढ़ी परेशानी
संवाद न्यूज एजेंसी
पूर्वी दिल्ली। यमुनापार की सड़कों पर पीएनजी पाइपलाइन बिछाने के लिए जगह-जगह खोदाई तो तेजी से की जा रही है, लेकिन काम पूरा होने के बाद सड़कों की स्थायी मरम्मत नहीं हो रही है। गड्ढों को मलबा डालकर ढक दिया गया है। इससे सड़कें ऊबड़-खाबड़ हो गई हैं और स्थानीय निवासियों को आवागमन में परेशानी उठानी पड़ रही है।
उत्तर-पूर्वी दिल्ली के जगजीत नगर, ब्रह्मपुरी समेत अन्य इलाकों में यह समस्या बनी हुई है। पाइपलाइन बिछाने के बाद खोदी गई सड़कों को पहले जैसी स्थिति में नहीं लाया गया है। कई जगह सड़क किनारे गड्ढे बने हुए हैं, जिनमें वाहन फंसने और दोपहिया वाहन चालकों के गिरने का खतरा बना रहता है।
दिन में वाहन चालक किसी तरह गड्ढों से बचकर निकल जाते हैं, लेकिन रात के समय इन मार्गों से गुजरना मुश्किल हो जाता है। अंधेरे में गड्ढे दिखाई नहीं देने से हादसे की आशंका बढ़ जाती है। सड़क पर अचानक कुत्ते या गाय आ जाने से स्थिति और भी जोखिम भरी हो जाती है। वाहन चालकों को गड्ढों और पशुओं से बचते हुए निकलना पड़ता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पाइपलाइन डालने के बाद सड़कों को मलबे से ढकना स्थायी समाधान नहीं है। खोदाई के बाद सड़क की समुचित मरम्मत कराई जानी चाहिए, ताकि लोगों को लंबे समय तक परेशानी न झेलनी पड़े। संबंधित विभागों को गड्ढों की मरम्मत कराकर सड़कों को सुरक्षित बनाने की जरूरत है।