दिल्ली में रैपिड जांच की संख्या लगातार बढ़ाई जा रही है। बीते पांच दिनों में 98,128 टेस्ट किए गए। इनमें से करीब आधे रैपिड एंटिजन टेस्टिंग के माध्यम से हुए हैं।
दिल्ली स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, बीते पांच दिनों में 98,128 की जांच की गई है, जिसमें 48,128 रैपिड एंटिजन किट से की गईं और बाकी आरटी-पीसीआर से की गईं। केंद्र ने दिल्ली सरकार को जांच बढ़ाने के आदेश दिए थे। इसके बाद से यह संख्या बढ़ाई जा रही है।
29 जून को 16,157 जांच की गई थी, जो 3 जुलाई को बढ़कर 24,124 हो गई है। पहले दिल्ली सरकार का हर जिले में कम से कम एक हजार टेस्ट करने का लक्ष्य था, जिसे अब बढ़ाकर 2 हजार किया गया है।
निजी अस्पतालों और लैब में रैपिड किट से जांच की मंजूरी मिलने के बाद सरकार ने पांच लाख और एंटिजन किट खरीदने का ऑर्डर दिया है। दिल्ली में इन किट के माध्यम से अब तक 1.24 लाख से अधिक टेस्ट हो चुके हैं।
18 जून से शुरू हुई थी एंटीजन किट से जांच
नई दिल्ली। राजधानी में 18 जून को रैपिड एंटीजन टेस्ट शुरू किए गए थे। उसके बाद से आरटी-पीसीआर और रैपिड एंटीजन जांच के माध्यम से कुल 2,75,396 टेस्ट किए गए हैं। यानी रोजाना 17000 टेस्ट हुए। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, इनमें करीब डेढ़ लाख लोगों का रैपिड एंटीजन किट के माध्यम से टेस्ट किया गया।
ऐसे बढ़ी जांच
तारीख एटिजन आरटी-पीसीआर कुल
29 जून 6538 9619 16,157
30 जून 7594 9585 17,179
1जुलाई 10043 9,913 19,556
2 जुलाई 9844 10978 20,822
3 जुलाई 13588 10577 24,124
नोट : आंकड़े 3 जुलाई तक के हैं और स्वास्थ्य मंत्रालय की साइट से लिए गए हैं।
सिरोलॉजी सैंपल जुटाने का काम पूरा
दिल्ली में सिरोलॉजी टेस्ट के लिए सैंपल जुटाने का काम शनिवार को पूरा हो गया है। कुल 20 हजार लोगों के सैंपल लिए गए हैं। इसमें अलग-अलग इलाके के उन लोगों को भी शामिल किया गया है, जिनमें कोई लक्षण नहीं है। दिल्ली के सभी 11 जिलों से 1700 से लेकर 2000 सैंपल एकत्रित किए गए है। इन सैंपल को नेशनल सेंटर फार डिजीज कंट्रोल (एनसीडीसी) को भेज दिया गया है। एनसीडीसी अगले कुछ दिनों में इसकी रिपोर्ट देगी। इसके बाद पता चलेगा दिल्ली में संक्रमण कितना है