प्रदेश भर की सड़कों को चकाचक बनाने के लिए सरकार 2900 करोड़ रुपये खर्च करेगी। अगले वित्त वर्ष की शुरूआत से पहले यह काम पूरा करा दिया जाएगा। सड़कों की कायाकल्प के लिए जल्द ही लोक निर्माण विभाग प्रदेश स्तर पर व्हाट्सएप नंबर जारी करेगा।
यह बात शनिवार को प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री राव नरबीर सिंह ने कही। वह गांव मैदावास में लोगों को संबोधित कर रहे थे। इसके बाद उन्होंने गांव वालों की समस्याओं को भी सुना। सभी को आश्वासन दिया कि जल्द से जल्द उनकी सभी समस्याओं का समाधान हो जाएगा। इस मौके पर मंत्री ने 10 अप्रैल को बादशाहपुर विधानसभा के गांव काकंरौला-भांगरौला में होने वाली मुख्यमंत्री की पहली जनसभा के लिए लोगों को निमंत्रण दिया।
राव ने प्रदेश सरकार की भावी परियोजनाओं से भी लोगों को अवगत कराया। उन्होंने कहा कि सड़कें किसी भी राज्य के विकास की धुरी होती हैं। बिना सड़क निर्माण के राज्य के विकास की परिकल्पना भी नहीं की जा सकती।
उन्होंने कहा कि चालू वित्त वर्ष में सड़कों पर 2900 करोड़ रुपये की राशि केवल सड़कों के निर्माण और सुधारीकरण पर खर्च के लिए मंजूर हो चुका है। दावा किया कि अगले वित्त वर्ष के आरंभ होने से पूर्व सभी सड़कों का कायाकल्प करा दिया जाएगा।
व्हाट्सएप नंबर के बारे में उन्होंने कहा कि लोग इसके माध्यम से बदहाल सड़कों को ठीक करवा सकते हैं। उन्हें इसके लिए कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। मंत्री ने कहा कि अगर कोई बदहाल सड़क की फोटो भेजता है तो उसके 72 घंटों में उस जगह काम शुरू हो जाएगा।