गुरुग्राम में जाम और आईएमटी मानेसर में ऐलिवेटिड फ्लाई ओवर बनाने की मांग को लेकर केंद्रीय योजना एवं शहरी विकास राज्यमंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने दिल्ली में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नीतिन गडकरी से मुलाकात की।
इंद्रजीत ने गडकरी को फ्लाई ओवर निर्माण से संबंधित तकनीकी पहलुओं से अगवत कराते हुए बताया कि मानेसर के आईएमटी चौक पर बनने वाले फ्लाईओवर को करीब दो किलोमीटर और बढ़ा दिया जाए तो जाम से पूरी तरह निजात मिल सकेगी और नेशनल हाईवे पर भी यातायात सुचारू हो सकेगा।
केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री ने मंत्रालय में मौजूदा राजमार्ग विभाग के अधिकारियों को ऐलिवेटिड फ्लाईओवर बनाने की संभावनाओं को जमीनी स्तर पर जांच करने के निर्देश दिए।
राव इंद्रजीत ने बताया कि मानेसर ऐलिवेटिड फ्लाईओवर के साथ ही उन्होंने खेडकी दौला टोल को हटाने की मांग भी गडकरी के सामने रखी। टोल हटाने के तकनीकी पहलुओं पर चर्चा करते हुए गडकरी को बताया कि टोल लगाते समय कंपनी ने जिस संख्या में वाहनों का अनुमान किया था आज उससे अधिक वाहन टोल से गुजर रहे है।
इससे राजस्व के नुकसान का सवाल ही नहीं, वहीं हरियाणा सरकार भी टोल हटाने को लेकर नीति पर काम कर रही है। केंद्र सरकार इसमें सहयोग करें तो खेड़की दौला टोल को हटाया जा सकता है।
टोल पर रोजाना लगने वाले जाम से मानेसर, धारूहेड़ा व बावल औद्योगिक क्षेत्र के उद्योगों में काम पर जाने वाले लाखों श्रमिकों व उद्योगपतियों के साथ गुरुग्राम और दिल्ली आने वाले दैनिक यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।