नशेड़ियों के जमावड़े और शौचालय नहीं होने से बढ़ी परेशानी
संवाद न्यूज एजेंसी
नई दिल्ली। गीता कॉलोनी के दरबार मार्ग मार्केट में दुकानदारों के लिए कारोबार से ज्यादा रोजमर्रा की अव्यवस्थाओं से जूझना चुनौती बन गया है। कहीं नालियों की सफाई के बजाय उन्हें तोड़े जाने से सड़क पर मलबा बिखरा है तो कहीं ट्रकों की अवैध पार्किंग ने रास्ता घेर रखा है।
सफाई कर्मचारियों की कमी से गंदगी, सार्वजनिक शौचालय के अभाव से परेशानी और ट्रैफिक जाम से कारोबार प्रभावित हो रहा है। दुकानदारों ने बाजार में नशेड़ियों के जमावड़े और नाबालिगों के नशे की चपेट में आने को लेकर भी गंभीर चिंता जताई। बुधवार को अमर उजाला संवाद में दुकानदारों ने कहा कि अब समस्या गिनाने से आगे बढ़कर जिम्मेदार विभाग तय हों, समयसीमा तय हो और समाधान जमीन पर दिखाई दे।
क्या बोले लोग-
-नालियों की सफाई की जरूरत है लेकिन ठीक नालियां तोड़कर दोबारा बनाने से समस्या और बढ़ रही है। सड़क पर मलबा पड़ा रहता है, जिससे दुकानदारों और ग्राहकों को परेशानी होती है।
-सुनील, दुकानदार
-सड़क पर ट्रक और दूसरे वाहन खड़े होने से रास्ता संकरा हो जाता है। इससे दिनभर आवाजाही प्रभावित होती है और जाम की स्थिति बनती है। पार्किंग की व्यवस्था ठीक होनी चाहिए।
-हितेश, दुकानदार
-बाजार में नियमित सफाई के लिए कर्मचारी नहीं हैं। गंदगी जमा होती रहती है। बाजार में सफाई कर्मचारियों की पर्याप्त संख्या सुनिश्चित हो और रोजाना कूड़ा उठाया जाए।
-नरेंद्र सिंह, दुकानदार
-बाजार में नशेड़ियों का जमावड़ा चिंता का विषय है। पुलिस को यहां नियमित गश्त बढ़ाकर सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।
-संदीप, दुकानदार
-बाजार में सार्वजनिक शौचालय नहीं है। दुकानदारों के साथ खरीदारी के लिए आने वाले लोगों को भी परेशानी होती है। यहां साफ-सुथरे सार्वजनिक शौचालय की सुविधा होनी चाहिए।
-सुनील मित्रा, दुकानदार
-ट्रैफिक जाम से दुकानदारों के साथ ग्राहक भी परेशान होते हैं। अवैध पार्किंग और बेतरतीब खड़े वाहनों पर कार्रवाई के साथ बाजार के लिए व्यवस्थित ट्रैफिक प्लान बनाया जाना चाहिए।
-विनोद मदान, दुकानदार