धर्म, सभ्यता व संस्कृति को एक दूसरे के नजदीक लाता है। इसकी बानगी देखनी है तो सेक्टर 15 में आयोजित होने वाली श्रद्धा रामलीला में देखें। इस रामलीला में राम, सीता, लक्ष्मण सहित सभी पात्रों में जान डालने वाले मेकअप आर्टिस्ट मुस्लिम समुदाय से हैं।
वहीं कई मुस्लिम कलाकार विभिन्न रूपों में रामलीला में किरदार निभाएंगे। इन कलाकारों से सीख लेने की जरूरत सभी धर्म के लोगों को है। श्रद्धा रामलीला में कलाकारों का मेकअप मुंबई फिल्म इंडस्ट्री के जानेमाने मेकअप आर्टिस्ट शमीम आलम और उनकी टीम करेगी। शमीम आलम फिल्म इंडस्ट्री में पिछले कई सालों से अपनी टीम के साथ काम कर रहे हैं।
इस बार वह अपनी टीम के साथ रामलीला में किरदार निभाने वाले राम, सीता, लक्ष्मण सहित मुख्य किरदारों का मेकअप कर उनको फिल्मी अदांज में तैयार करेंगे।
औद्योगिक नगरी की आधुनिकतम कही जाने वाली सेक्टर-15 की इस रामलीला में हमेशा नए प्रयोग देखने को मिलते हैं। इस बार भी दर्शकों को कुछ नया करके दिखाने के लिए तैयारी शुरू कर दी है।
शहर की पहली ऐसी रामलीला है, जिसमें हर साल डायलॉग को छोड़ कर बाकी सभी चीजों को डिजिटलाइज्ड होती हैं। रामलीला के किरदारों के मेकअप के साथ धार्मिक टेटू बनाकर नया लुक दिया जाएगा।
रामलीला के निदेशक अनिल चावला ने बताया कि इस बार रामलीला का मंच 45 फुट का होगा। जिस पर एलईडी लाइट्स का 3डी इफेक्ट्स में सीता हरण, सीता स्वयंवर और राम बनवास के सीन को दर्शाया जाएगा। ऐसा करने वाली शहर की पहली रामलीला होगी। इसके साथ ही युद्ध के दौरान फिल्मों की तर्ज पर एक्शन सीन दर्शाए जाएंगे।
श्रद्धा रामलीला में महिला पात्रों के किरदारों को शहर की स्नातक और इंजीनियर बेटियां निभाएंगी। पिछले 9 साल से शहर की बेटियां अभिनय कर रही हैं। जिसकी तैयारियों और रिहर्सल के लिए यह अपनी कंपनी और कॉलेजों से छुट्टी लेती हैं। सीता का रोल योगांधा वशिष्ठ, कैकयी का नेशनल स्तर की शूटर रही मोनिका भाटिया सहित सात अन्य बेटियां रोल निभाएंगी।