उत्तर प्रदेश के मुरादनगर में बृहस्पतिवार की रात को बदमाशों की एके 47 का शिकार होने वाले भाजपा नेता और गृहमंत्री के करीबी कहे जाने वाले ब्रजपाल तेवतिया से आज खुद राजनाथ सिंह मिलने फोर्टिस अस्पताल पहुंचे।
खबर है कि शनिवार शाम राजनाथ सिंह तेवतिया का हाल जानने नोएडा के फोर्टिस अस्पताल पहुंचे जहां उन्होंने तेवतिया के स्वास्थ्य का जायजा लिया और उनके परिवार से मिले। राजनाथ सिंह के साथ ही केंद्रीय संस्कृति मंत्री डॉक्टर महेश शर्मा भी थे।
हालांकि कि आश्चर्य इस बात का था कि राजनाथ सिंह ने मीडिया से एक शब्द तक बात नहीं की। बता दें कि राजनाथ सिंह से पहले भाजपा के कई दिग्गज नेता ब्रजपाल तेवतिया को देखने अस्तपताल पहुंच चुके हैं। डॉक्टर महे्श शर्मा, राजनाथ सिंह के दोनों बेटे, यूपी के भाजपा अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्या, केंद्रीय मंत्री जनरल वीके सिंह व अन्य लोग मिल चुके हैं।
गृहमंत्री के दौरे की खबर के चलते नोएडा के फोर्टिस अस्पताल व आसपास के क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई थी। पूरे क्षेत्र में फोर्स तैनात कर दी गई थी। इस साथ ही बम निरोधी दस्ता भी मौके पर मौजूद था।
ब्रजपाल तेवतिया की हालत अभी भी क्रिटिकल
अस्पताल के बाहर इक्ट्ठा हुए कार्यकर्ता
- फोटो : अमर उजाला
फोर्टिस अस्पताल में भर्ती भाजपा नेता ब्रजपाल तेवतिया की हालत अभी भी क्रिटिकल बनी हुई है। डॉक्टरों का कहना है कि उनकी स्थिति स्थिर है, लेकिन चिंताजनक है। अभी वो आईसीयू पर वेंटीलंटर पर हैं। इसके अलावा डॉक्टर अभी कुछ ज्यादा बताने को तैयार नहीं हैं।
इतना ही नहीं अस्पताल में भर्ती अन्य लोगों के बारे म डॉक्टर कुछ भी बोलने को तैयार नहीं हैं। हालांकि परिवार के लोगों का कहना है कि पहले से उनकी स्थित में सुधार आया है। इसको हम सकारात्मक मानकर चले रहे हैं।
शनिवार की रात करीब 8 बजे अस्पताल प्रबंधक ने ब्रजपाल तेवतिया का मेडिकल बुलेटिन जारी किया। डॉक्टरों का कहना है शुक्रवार की स्थिति से कोई खास सुधार नहीं आया है। तेवतिया के शरीर में कई बुलेट लगी होने की वजह से मेजर सर्जरी की गई हैं।
हाथ की नसों को दोबारा से जोड़ा गया। डॉक्टरों का कहना है कि अभी वो डॉक्टरों की कड़ी निगरानी में हैं। हालांकि शनिवार देर शाम ब्रजपाल तेवतिया को देखने पहुंचे केंद्रीय मंत्री डॉ.महेश शर्मा ने बताया कि उन्होंने डॉक्टरों से बात की है, उनके मुताबिक शुरू में हालत काफी चिंताजनक थी।
आपरेशन से पहले लग रहा था कि कहीं कोई अंग प्रभावित न हो जाए लेकिन आपरेशन के बाद लग रहा है कि इस तरह की दिक्कत नहीं होगी। संभावना है कि अगले 24 घंटे में कुछ सुधार हो जाएगा।