आम आदमी के विधायक जरनैल सिंह ने कहा कि दिल्ली विधानसभा ने आज 1984 के सिख दंगों को भारत के इतिहास में सबसे खराब नरसंहार के रूप में घोषित किया। हमने विधानसभा में प्रस्ताव पास करके केंद्र से मांग की है कि पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी से भारत रत्न वापस लेना चाहिए।
विधानसभा में राजीव गांधी से भारत रत्न वापस लेने संबंधी संकल्प उस वक्त आया है, जब आप के कांग्रेस की अगुवाई वाले महागठबंधन में शामिल होने की अटकलें लग रही हैं। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने पिछले एक महीने में कांग्रेस अध्यक्ष के साथ न सिर्फ मंच साझा किया, बल्कि महागठबंधन के लिए बुलाई बैठक में भी शामिल हुए थे।
संकल्प में अन्य बातें
- सदन ने दिल्ली सरकार को निर्देश दिया कि वह मजबूती से केंद्रीय गृह मंत्रालय को बताए कि दिल्ली में हुए नरसंहार के पीड़ित अभी इंसाफ से वंचित हैं।
- नरसंहार को विशेष रूप से घरेलू आपराधिक कानून में शामिल करने के लिए दिल्ली सरकार आवश्यक कदम उठाए।
- लंबित मामलों के त्वरित निपटान के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट की स्थापना हो।
- सिख दंगों को अब तक का सबसे क्रूर नरसंहार घोषित किया जाए।