आरुषि और हेमराज हत्याकांड के दोषी राजेश और नूपुर तलवार को ग्रेटर नोएडा के नए जेल में शिफ्ट किया जाएगा।
गौतम बुद्ध नगर जिला जेल के नाम बने इस नए जेल में इन दोनों पति-पत्नी को गाजियाबाद के डासना जेल से ट्रांस्फर किया जाएगा। 2000 कैदियों की क्षमता वाले इस जेल में गाजियाबाद सहित, बुलंदशहर और मुजफ्फरनगर से भी कैदियों को लाया जाएगा।
इससे पहले तलवार दंपति को आगरा के जेल ले जाए जाने की बात थी लेकिन उन्होंने जेल प्रशासन से अनुरोध किया था कि केस-मुकदमे के कारण उन्हें गाजियाबाद जेल में ही रहने दिया जाए।
इससे पहले इसी महीने की 19 तारीख को इस नामचीन डेंटिस्ट दंपति ने अपनी 27वीं शादी की सालगिरह डासना जेल में मनाई।
घर और फाइव स्टार होटल में अपनी मैरिज एनीवर्सरी को अपने दोस्तों और परिजनों के साथ हर्षोल्लास से सेलिब्रेट करने वाले तलवार दंपति ने शादी की यह 27वीं सालगिरह डासना जेल के अंदर बने पार्क में मनाई।
जेल सूत्रों की मानें तो दोनों को मात्र 45 मिनट के लिए खुले पार्क में मिलवाया गया। इस दौरान दोनों ने एक-दूसरे को मैरिज एनीवर्सरी की बधाई दी, मगर उनकी आंखें आंसुओं से भर आईं।