नई दिल्ली। एम्स में सरकारी कामकाज में हिंदी के उपयोग को बढ़ावा देने के लिए राजभाषा शील्ड प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है। कर्मचारियों को हिंदी में अधिक काम करने को प्रोत्साहित किया जाएगा।
संस्थान में 16 से 30 सितंबर तक हिंदी पखवाड़ा मनाया जाएगा। इससे पहले 22 अगस्त से 21 सितंबर तक एक महीने की हिंदी नोटिंग-ड्राफ्टिंग प्रतियोगिता भी हो रही है। 25 सितंबर को एक निरीक्षण दल विभिन्न विभागों का दौरा कर हिंदी के इस्तेमाल की जांच करेगा। सबसे बेहतर प्रदर्शन करने वाले विभाग को राजभाषा शील्ड मिलेगी। लगातार तीन साल शील्ड जीतने पर वह स्थायी रूप से उसी विभाग की हो जाएगी। वरिष्ठ वित्त सलाहकार दिव्या यानामदाला ने कर्मचारियों को हिंदी में काम करने को प्रोत्साहित करने की अपील की। इसका उद्देश्य रोजमर्रा के कामकाज में हिंदी का उपयोग बढ़ाना है। ब्यूरो