अदालत ने सीबीआई को इंडोनेशिया में गिरफ्तारी के वक्त अंडरवर्ल्ड डान छोटा राजन के पास से मिला दवाओं का बैग तिहाड़ जेल के अधीक्षक को सौंपने का निर्देश दिया है।
छोटा राजन न्यायिक हिरासत के दौरान इसी जेल में बंद है। अदालत ने राजन के वकील की अर्जी पर यह आदेश दिया। इस अर्जी में अनुरोध किया गया था कि सीबीआई को उसके मुवक्किल को दवायें सौंपने का निर्देश दिया जाये।
इसके जवाब में सीबीआई ने कहा कि इंडोनेशिया से निर्वासित किये जाने के बाद राजन को इंटरपोल ने उसके सामान सहित, जो गिरफ्तारी के वक्त उसके पास था, उसे सौंप दिया था। इस सामान में दवाओं का एक बैग भी था।
जांच ब्यूरो ने कहा कि जांच के लिये बैग की जरूरत नहीं है परंतु हिरासत के दौरान राजन द्वारा ली जाने वाली दवाओं के बारे में जेल चिकित्सक से पहले स्वीकृति ली जानी चाहिए।