फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Weather Forecast Today Live Updates: दिल्ली-एनसीआर समेत यूपी के कई इलाकों में बारिश, पढ़ें कहां कैसे हैं हालात

Thu, 20 Aug 2020 03:00 PM IST
प्राची प्रियम न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

खास बातें

दिल्ली-एनसीआर और उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में आज सुबह से ही लगातार बारिश हो रही है। दिल्ली समेत गुरुग्राम, फरीदाबाद, गाजियाबाद और नोएडा में बुधवार की बारिश के बाद गुरुवार को भी बारिश जारी है। वहीं उत्तर प्रदेश के भी कई जिलों में लगातार वर्षा हो रही है। 

दिल्ली-गुरुग्राम के कई इलाकों में कल दिन से बिजली की आपूर्ति ठप पड़ी हुई है। पावर कट से लोग बेहाल हैं। फरीदाबाद के कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात हैं। वहीं बारिश के कारण लोग अपने घरों से बाहर निकलने से परहेज कर रहे हैं। यहां पढ़ें मौसम की ताजा अपडेट-
 
विज्ञापन
आज मौसम, बारिश का पूर्वानुमान लाइव अपडेट - फोटो : ANI
विज्ञापन

लाइव अपडेट

02:54 PM, 20-Aug-2020

 पंजाब और हरियाणा पहुंच रही है मानसून की अक्षीय रेखा

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार मानसून की अक्षीय रेखा राजस्थान से आगे बढ़ते हुए उत्तर में पंजाब और हरियाणा पर पहुंच रही है। बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के क्षेत्र के कारण आद्रता एनसीआर और पश्चिम उत्तर प्रदेश के मैदानी इलाकों पर अपनी आमद दर्ज करा रही है। इन सब कारणों से मानसून में तेजी आई है।  

02:38 PM, 20-Aug-2020

आगरा में हो सकती है हल्की बारिश

ताजनगरी को लेकर पूर्वानुमान है कि आज यहां हल्की-फुल्की बारिश हो सकती है। आगरा में सुबह से आसमान में बादलों के बीच सूरज की लुकाछिपी चल रही है। दिल्ली व एनसीआर क्षेत्र में सुबह से बारिश के कारण इसका असर ताजनगरी पर भी होगा। 

02:24 PM, 20-Aug-2020

उत्तराखंड के 11 जिलों में रेड अलर्ट

उत्तराखंड राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र ने आज अल्मोड़ा और उत्तरकाशी को छोड़कर बाकी 11 जिलों में भारी बारिश होने का रेड अलर्ट जारी किया है। केंद्र की ओर से संबंधित जिलों के जिलाधिकारियों से अलर्ट रहने को कहा गया है, साथ ही उनसे लोगों को भी सचेत करने को कहा है।

विज्ञापन
02:02 PM, 20-Aug-2020

गोरखपुर में शाम तक छाए रहेंगे बादल

गोरखपुर शहर के कुछ इलाकों में बुधवार को दस से 20 मिनट की बारिश हुई तो कई इलाकों में जलभराव हो गया। वहीं, कुछ इलाके ऐसे रहे जहां बादल उमड़ कर चले गए। वहीं गुरुवार को फिर से उमस भरी गर्मी का सिलसिला शुरू हो गया है। हालांकि मौसम विशेषज्ञों के अनुसार गुरुवार शाम तक कुछ इलाकों में बादल छाए रह सकते हैं, साथ ही हल्की बारिश हो सकती है।

01:53 PM, 20-Aug-2020

जम्मू संभाग के कुछ हिस्सों में भारी बारिश की चेतावनी 

मानसून के बिगड़े मिजाज से जम्मू-कश्मीर के निचले क्षेत्रों के लोगों के लिए मुश्किलें बढ़ सकती हैं। मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर ने जम्मू संभाग के कुछ हिस्सों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। साथ ही नदियों से दूर रहने की अपील की गई है। बारिश से इलाकों में बाढ़ और भूस्खलन भी हो सकता है। इस दौरान 30-40 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।

विज्ञापन
01:39 PM, 20-Aug-2020

फरीदाबाद में अब भी जारी है बारिश

हरियाणा के फरीदाबाद इलाके में कल रात से ही लगातार बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने पूर्वानुमान जताया है कि इलाके में 24 अगस्त तक इसी तरह रुक-रुककर वर्षा होती रहेगी। 
 

01:26 PM, 20-Aug-2020

मध्य व पूर्वी भारत में अगले पांच दिनों के दौरान भारी बारिश का अनुमान

मध्य और पूर्वोत्तर भारत के कुछ हिस्सों में अगले पांच दिन के दौरान भारी बारिश होने का पूर्वानुमान लगाया है। मौसम विभाग ने इस बारे में जानकारी दी है। मौसम विभाग के मुताबिक ओडिशा के उत्तर तट में चक्रवात का कम दबाव का क्षेत्र बन रहा है। अगले 24 घंटों के दौरान इसके पश्चिम की तरफ बढ़ने की संभावना है।

01:08 PM, 20-Aug-2020

गुरुग्राम में दिल्ली-जयपुर हाइवे पर भारी जलभराव

लगातार हो रही बारिश के कारण गुरुग्राम में दिल्ली-जयपुर हाइवे पर भारी जलभराव हो गया जिसके कारण वाहनों को आवाजाही में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
 

12:55 PM, 20-Aug-2020

पश्चिमी यूपी में अभी दो दिन तक होगी बारिश

मेरठ समेत बागपत, मुजफ्फरनगर, शामली और बिजनौर में झमाझम बदरा बरस रहे हैं। जिसके चलते हैं अभी मौसम खुशनुमा बना हुआ है। भारतीय कृषि प्रणाली अनुसंधान मोदीपुरम के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एन सुभाष के अनुसार अभी दो दिन तक पश्चिमी यूपी में बारिश का माहौल बना रहेगा, कहीं 20 मिमी तो कहीं पर 40 से 45 मिमी बारिश होने के आसार हैं। बारिश होने से धान, गन्ना, चारा वह अन्य बेल वाली फसलों को काफी लाभ मिला है।

12:54 PM, 20-Aug-2020

पश्चिमी यूपी में मानसून ने पकड़ी रफ्तार तो जमकर बरसे बदरा 

पश्चिमी यूपी में दो दिन से हो रही बारिश ने मौसम को सुहाना बना दिया है। बारिश से जहां फसलों को ऑक्सीजन मिली है वहीं गर्मी से भी राहत मिली है। धीमी गति से चल रहे उत्तर प्रदेश में मानसून ने फिर से रफ्तार पकड़ ली है मानसून की रफ्तार पकड़ने से मौसम का मिजाज ऐसा बदला कि दो दिन से रुक-रुककर बारिश हो रही है। 

12:48 PM, 20-Aug-2020

उत्तराखंड के जोशीमठ में भी हो रही बारिश

उत्तराखंड के जोशीमठ इलाके में अरोसी गांव में तेज बारिश के कारण लोगों को नदी पार करने में दिक्कत हो रही है, जिसके कारण लोगों ने आवाजाही के लिए अस्थायी व्यवस्था कर ली है।

12:43 PM, 20-Aug-2020

उत्तर प्रदेश में जनजीवन अस्त-व्यस्त

उत्तर प्रदेश में भारी बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। कई जिलों में भारी बारिश के कारण बिजली आपूर्ति बाधित रही। सड़कों पर पानी भर जाने से आवागमन बाधित है। वहीं वर्षा जनित हादसों में 10 लोगों की मौत हो गई है।

12:36 PM, 20-Aug-2020

वाराणसी में बारिश और नम हवा से मौसम खुशनुमा

वाराणसी में बारिश और नम हवाओं ने बुधवार को उमस भरी गर्मी से थोड़ी राहत दी। इससे गुरुवार को भी मौसम खुशनुमा हो गया। सुबह हल्की धूप के साथ मौसम की शुरुआत हुई। गुरुवार को अधिकतम तापमान में दो डिग्री सेल्सियस की कमी दर्ज की गई। वहीं बुधवार को तापमान 34.2 डिग्री पहुंच गया था। मौसम वैज्ञानिक एसएन पांडेय ने बताया कि अगले तीन-चार दिनों तक मौसम ऐसे ही बने रहने की संभावना है।

12:28 PM, 20-Aug-2020

फरीदाबाद विधायक के घर में घुसा पानी

बता दें कि फरीदाबाद में अल सुबह हुई बरसात से पूर्व मंत्री शिवचरण लाल शर्मा एवं वर्तमान विधायक नीरज शर्मा के निवास में पानी भर गया है। वहीं दिल्ली के प्रह्लादपुर अंडरपास पर आज सुबह से हो रही बारिश से बुरी तरह जल जमाव हो गया है, जिससे यातायात ठप हो गया है।

12:25 PM, 20-Aug-2020

आगरा में निकली धूप

आगरा में गुरुवार सुबह तेज धूप निकली। सुबह से ही लोग उमस से लोग परेशान रहे, लेकिन दिन चढ़ने के साथ-साथ मौसम का मिजाज बदल गया। अचानक काले बादलों ने डेरा जमा लिया और बारिश शुरू हो गई। 15 मिनट तक अच्छी बारिश हुई। देहात क्षेत्रों में सरसों की फसल लगाने वाले किसानों के खेतों में पानी भर गया।

12:17 PM, 20-Aug-2020

दिल्ली में गिरा एक घर का हिस्सा, लोग घायल

वहीं दिल्ली के हरि सिंह पार्क न्यू मुल्तान रोहतक रोड पर स्थित एक मकान का कुछ हिस्सा गिर गया जिसके चलते परिवार चोटिल हो गया है। घर में रहने वाले राधेश्याम(45) को मामूली चोट आई है, वहीं पत्नी कविता(40) को गंभीर चोटें आई हैं। सभी को मंगोलपुरी के संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मौसम विभाग के अनुमान के अनुसार दिल्ली में सुबह से जो बारिश हो रही है, वह सुबह 11 बजे तक जारी रह सकती है। 
 

12:15 PM, 20-Aug-2020

बिजनौर में मंगलवार रात से ही हो रही है लगातार बारिश

उत्तर प्रदेश के बिजनौर शहर में मंगलवार रात से ही लगातार बारिश हो रही है। तेज बारिश होने से शहर में जगह-जगह जलभराव हुआ है। वहीं घरों में पानी घुसने से लोगों का जनजीवन पूरी तरह अस्तव्यस्त हो गया है। शहर में मुख्य डाकघर चौराहे पर करीब दो फीट पानी भरा हुआ है। उधर, आवास विकास कॉलोनी में भी घरों के बाहर दो फीट से ज्यादा पानी भरा हुआ है। 

12:12 PM, 20-Aug-2020

गोरखपुर में घाघरा नदी का जलस्तर खतरे के निशान से 77 सेंटीमीटर ऊपर

उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में घाघरा नदी का जलस्तर बुधवार की शाम खतरे के निशान से 77 सेंटीमीटर ऊपर था। इसके चलते घाघरा के तटवर्ती क्षेत्रों में बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी हुई है। हालांकि सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता का कहना है कि स्थिति पूरी तरह से नियंत्रण में हैं। विभाग के साथ ही पूरा सरकारी अमला सतत निगरानी कर रहा है।

12:07 PM, 20-Aug-2020

इफ्को चौक से एमजी रोड जाने वाली सड़क धंसी

गुरुग्राम में बुधवार से हो रही बारिश से इफ्को चौक से एमजी रोड जाने वाली सड़क धंस गई है। जिसकी वजह से यह रोड अब यातायात के लिए बंद कर दी गई है। शुरुआत में सड़क धंसने के कारण एक कार लगभग जंप होकर एक तरफ से हवा में उठ गई थी। जिसके बाद इस रोड को बंद किया गया।
 

11:58 AM, 20-Aug-2020

दिल्ली-एनसीआर समेत यूपी के कई इलाकों में बारिश, पढ़ें कहां कैसे हैं हालात

गुरुग्राम में लोगों ने अनुरोध- घरों ने न निकलें बाहर
गुरुग्राम में लगातार हो रही बारिश के कारण ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अनुरोध किया है कि वह आवश्यक कार्य होने पर ही घर से निकलें। अनावश्यक रूप से घरों से निकलने से उनकी परेशानी बढ़ सकती है।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें