गाजियाबाद समेत उत्तर पश्चिमी भारत के मौसम पर शुक्रवार को पश्चिमी विक्षोभ का असर शुरू हो गया है। जम्मू-कश्मीर और उसके आसपास के क्षेत्रों में हल्की बारिश के बाद शनिवार को एनसीआर समेत पूरे मैदानी इलाकों में बारिश की संभावना है।
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक बारिश हुई तो पूरे इलाके में अधिकतम व न्यूनतम तापमान में रविवार से 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आएगी।
हालांकि इससे पहले शुक्रवार को दिल्ली के अधिकतम और न्यूनतम तापमान भी सामान्य से ऊपर दर्ज किया गया। राजधानी में अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री ऊपर 31.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
वहीं न्यूनतम तापमान भी सामान्य से दो डिग्री ऊपर 19 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार सुबह 8:30 बजे तक जम्मू-कश्मीर के कुछ इलाकों में बारिश हुई।
न्यूनतम तापमान की बात करें तो जम्मू-कश्मीर के कुछ हिस्सों में सामान्य से 4-5 डिग्री ऊपर तो बाकी हिस्सों में 2-3 डिग्री अधिक दर्ज किया गया।
इसके अलावा राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, चंडीगढ़ व पश्चिम यूपी में भी न्यूनतम तापमान सामान्य से 2-3 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। तापमान वृद्धि के कारण रात को सर्दी महसूस नहीं हुई।
वहीं एनसीआर में न्यूनतम तापमान सबसे ऊपर गाजियाबाद में 21.6 डिग्री सेल्सियस, फरीदाबाद में 21.2 डिग्री और नोएडा में 20.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अभी पहाड़ों में पश्चिमी विक्षोभ का असर है। यह शनिवार को उत्तर पश्चिमी भारत के मैदानी क्षेत्र की तरफ बढ़ेगा।
पश्चिमी यूपी, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली में हल्की बारिश की संभावना पश्चिमी विक्षोभ के असर से जताई गई है।
वहीं दूसरा पश्चिमी विक्षोभ जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 28 अक्तूबर को फिर से असर दिखाएगा। हालांकि इस बीच 25-26 अक्तूबर को तापमान में गिरावट के बाद फिर अधिकतम तापमान 31-32 डिग्री पहुंच जाएगा।