राजधानी में बरसाती पानी की निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण तेज बारिश में ही नहीं, बल्कि हल्की बारिश में भी सड़कों पर जलभराव होने लगा है। विगत दिनों की भांति शुक्रवार को भी बारिश के दौरान कई जगह जलभराव हुआ, जबकि गत दिनों की तुलना में काफी हल्की बारिश हुई। इसके चलते कई जगहों पर यातायात भी बाधित रहा।
राजधानी में शुक्रवार को बारिश के दौरान पूर्वी दिल्ली के वजीराबाद रोड, ईस्ट गोकुलपुरी, सीलमपुर, लक्ष्मी नगर, शकरपुर, प्रीत विहार, आनंद विहार, जगतपुरी, निर्माण विहार, शाहदरा, जाफराबाद, उस्मानपुर, मयूर विहार आदि इलाकों में जलभराव हुआ, वहीं उत्तरी दिल्ली में मॉल रोड, जहांगीरपुरी, राजेंद्र नगर, कीर्ति नगर, पटेल नगर, न्यू रोहतक रोड के अलावा आईटीओ, राजघाट आदि जगह पर भी जलभराव हुआ।
बारिश में सदर बाजार स्थित बस्ती जुलान में एक बिल्डिंग और सीताराम बाजार में एक मकान गिरा। वहीं, चांदनी चौक स्थित गौरी शंकर मंदिर के पास एक मकान की दीवार गिर गई। इन घटनाओं में कोई हताहत नहीं हुआ।
बारिश के दौरान आईटीओ, धौला कुंआ, सरदार पटेल मार्ग, रिंग रोड, रिज रोड, विकास मार्ग, आश्रम, लाजपत नगर आदि जगह बारिश में जलभराव होने के कारण यातायात जाम हुआ। इन स्थानों पर बारिश बंद होने के कई घंटे बाद तक यातायात व्यवस्था चरमराई रही।