फोटो - जलसा स्थल पर मिट्टी डालकर जेसीबी मशीन से समतल करते।
संवाद न्यूज एजेंसी
नूंह।
नूंह जिले के अड़बर गांव में 4 से 6 अप्रैल तक आयोजित होने वाले तीन दिवसीय तब्लीगी जलसे की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। हाल ही में हुई बरसात के चलते जलसा स्थल पर बने जलसागाह में पानी भर गया, जिससे व्यवस्थाओं को लेकर परेशानी सामने आई। इंतजामिया कमेटी के आह्वान पर आसपास के गांवों के लोग एकजुट होकर सहयोग में जुट गए हैं। लोग ट्रैक्टर-ट्रालियों और डंपरों के जरिए लगातार मिट्टी लाकर जलभराव वाले स्थानों को भरने और जमीन को समतल करने का काम कर रहे हैं, ताकि जलसे में आने वाले लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। करीब 400 एकड़ क्षेत्र में आयोजित इस जलसे के लिए 20 एकड़ में विशाल पंडाल तैयार किया गया है, जहां लाखों लोगों के बैठने की व्यवस्था की जा रही है। जलसे में देश-विदेश से बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की उम्मीद है। इस दौरान मशहूर आलिम मौलाना हजरत शाद साहब भी जलसे में शिरकत करेंगे और दीनी मजलिस में लोगों को संबोधित करेंगे। उनके बयान को सुनने के लिए लोगों में खासा उत्साह है। इंतजामिया कमेटी ने कहा कि बारिश के बावजूद सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूरी कर ली जाएंगी, ताकि जलसा शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।