फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दिल्ली-एनसीआर में धूल भरी आंधी के बाद बारिश से राहत, ओलों ने बरसाई किसानों पर आफत

Sun, 07 Apr 2019 10:45 PM IST
संदीप भट्ट न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
विज्ञापन
दिल्ली-एनसीआर में हुई बारिश - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

रविवार शाम अचानक आई तेज आंधी और बारिश ने मौसम का मिजाज बदल दिया। दिल्ली में दिन में तेज धूप और शाम को गरज के साथ 30-40 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज धूल भरी आंधी के बीच कई इलाकों में हल्की बारिश भी हुई। शहर में कुछ जगह ओले भी पड़े।दोपहर में लोगों को तेज धूप का सामना करना पड़ा, लेकिन रात करीब 8 बजे तेज हवाओं ने दिल्ली में दस्तक दी।

विज्ञापन


इस बीच गर्जना के साथ पूरी दिल्ली में धूल भरी आंधी चली और कई इलाकों में हल्की बूंदा-बांदी भी हुई। खास तौर पर बाहरी दिल्ली के ग्रामीण क्षेत्रों में आंधी की रफ्तार काफी तेज रही, जिसके चलते कुछ इलाकों की बत्ती भी गुल हो गई। 

तेज आंधी से शहर की बिजली भी गुल हो गई। देर रात तक नोएडा के कई सेक्टरों में आपूर्ति ठप रही। बारिश के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले 4-5 दिन में भी बारिश और आंधी की संभावना बनी रहेगी। ऐसा पहाड़ों पर मौसमीय परिवर्तन के कारण हुआ है। जो आने वाले कुछ दिनों तक शहर को प्रभावित करेगा। 

40 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से आ सकती है आंधी

राजधानी में दिनोंदिन बढ़ रही गर्मी के चलते दिल्ली वासियों को जल्द ही लू के थपेड़ों का सामना करना पड़ सकता है।   मौसम विभाग का कहना है कि सोमवार को हल्के बादल छाए रह सकते हैं। इसके साथ ही धूल भरी आंधी, हल्की बारिश, गरज के साथ तेज हवा के झोंके आने के आसार हैं। अनुमान है कि इस बीच 30-40 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से आंधी चल सकती है। मंगलवार से दिल्ली के कुछ इलाकों में लू चलने की संभावना है। बुधवार, बृहस्पतिवार, शुक्रवार और शनिवार को दिल्ली का तापमान बढ़कर 40 डिग्री सेल्सियस पहुंचने और लू चलने का अनुमान है।

विज्ञापन

पूर्वांचल में आंधी-बारिश, ओलों से फसलों को नुकसान 

वाराणसी, आजमगढ़ और मिर्जापुर मंडल में शनिवार रात से मौसम बिगड़ गया। तेज हवा के साथ बारिश हुई और ओले भी पड़े। टीन शेड और छप्पर उड़ गए। फसलों को नुकसान पहुंचा है। हालांकि रविवार को दोपहर बाद मौसम सामान्य हो गया। 

वाराणसी, बलिया, आजमगढ़, गाजीपुर, मऊ में तेज हवा के साथ बारिश हुई और ओले पड़े। आजमगढ़ के सगड़ी तहसील क्षेत्र में 50 से 100 ग्राम तक के ओले पड़े। कई जगह पेड़ गिरने से रास्ता बाधित हो गया। बारिश से गेहूं, जौ, अरहर, चना, मटर, सरसों की फसलाें को नुकसान पहुंचा है। मिर्च, टमाटर, परवल, नेनुआ आदि भी प्रभावित हुए हैं। आम को भी क्षति पहुंची है। उधर, मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों में प्रदेश के करीब 32 जिलों में आंधी और ओलावृष्टि की संभावना व्यक्त की है। इन सभी जिलों को अलर्ट कर दिया गया है।

झोपड़ी में दबकर अधेड़ की मौत

गाजीपुर: दिलदारनगर थाना क्षेत्र के धनाड़ी गांव में शनिवार की देर रात तेज आंधी-पानी के दौरान एक झोपड़ी गिर गई। उसमें दबकर सिद्धनाथ यादव (55) की मौत हो गई। 

 

आंधी-बारिश, ओलावृष्टि से प्रभावित जिलों से नुकसान की रिपोर्ट तलब

लखनऊ: प्रदेश सरकार ने बीती रात प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में आई आंधी तथा बेमौसम बारिश व ओलावृष्टि से प्रभावित जिलों के डीएम से फसलों के नुकसान का तत्काल आकलन कर रिपोर्ट उपलब्ध कराने को कहा है। सरकार ने फसल क्षति का 48 घंटे के भीतर कृषकवार आकलन कराकर प्रभावितों लोगों को फौरन राहत उपलब्ध कराने की कार्यवाही के निर्देश दिए हैं। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों में प्रदेश के करीब 32 जिलों में आंधी और ओलावृष्टि की संभावना व्यक्त की है। इन सभी जिलों को अलर्ट कर दिया गया है।

शासन ने आंधी और ओलावृष्टि से प्रभावित जिलों में जनहानि, पशु हानि व मकान नुकसान की रिपोर्ट मिलने पर इनसे प्रभावित परिवारों को 24 घंटे के भीतर सहायता राशि उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है।

जिलाधिकारियों से कहा गया है कि आपदा प्रभावितों को राहत एवं मदद पहुंचाने का कार्य तेजी से किया जाए, इसमें किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। राज्य सरकार के प्रवक्ता ने यहां बताया कि प्रदेश के अधिकांश जिलों में बेमौसम बारिश व कहीं-कहीं वर्षा के साथ ओलावृष्टि हो रही है।

मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में बारिश और ओलावृष्टि की संभावना व्यक्त की है। शासन ने स्थानीय प्रशासन को प्रभावित व्यक्तियों को समय से मदद पहुंचाने के निर्देश दिए हैं।

प्रवक्ता ने बताया कि अपर मुख्य सचिव राजस्व ने ओलावृष्टि से प्रभावित जिलों केडीएम को प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत उपलब्ध कराने को कहा है इसके लिए आवश्यक धनराशि जारी की चुकी है। जिलाधिकारियों से कहा गया है कि राहत के लिए अगर और धनराशि की जरूरत हो तो मांग की जा सकती है।

किसानों को नुकसान पर प्रियंका ने जताया दुख

कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि से खेती को हुए नुकसान पर अफसोस जताया है। उन्होंने ट्वीट करके कहा - ‘बेमौसम बारिश व भारी ओलावृष्टि के चलते यूपी के मेरे किसान भाइयों की हजारों एकड़ फसल चौपट हो चुकी है। फसल पकने के समय इस प्राकृतिक आपदा के कारण किसान भाइयों का बहुत नुकसान हुआ है। दुख की इस घड़ी में मैं आपके साथ हूं।’
विज्ञापन

एक सप्ताह खराब रहेगा मौसम, ओलावृष्टि की चेतावनी

हिमाचल में अप्रैल माह में एक बार फिर मौसम करवट बदल रहा है। सोमवार से करीब एक सप्ताह तक कुछ स्थानों में गर्ज के साथ बारिश और चोटियों पर हिमपात के आसार हैं। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने सोमवार को प्रदेश के एक-दो क्षेत्रों में भारी ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की है। हालांकि, मंगलवार को धूप खिली रहेगी। पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के चलते सूबे के लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी। 

शिमला समेत पूरे प्रदेश में रविवार को धूप खिली रही। ऊना का सबसे ज्यादा अधिकतम पारा 35.8 और न्यूनतम तापमान 15.2 डिग्री सेल्सियस रहा। केलांग का न्यूनतम तापमान सबसे कम 2.1 डिग्री सेल्सियस तक रहा। पिछले चौबीस घंटों में भरमौर में 20, हमीरपुर में 12, तीसा में 7 और पालमपुर में 3 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। 

शिमला का अधिकतम तापमान 23.0, सुंदरनगर का 31.3, भुंतर का 30.6, धर्मशाला का 23.8,  नाहन का 29.4, सोलन का 27.0, कांगड़ा का 32.4, बिलासपुर का 32.5, हमीरपुर का 32.0 और डलहौजी का 17.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें