आम यात्रियों की राह अब जल्द ही ट्रेनों से आसान होगी। सड़क या अन्य परिवहन के माध्यम से उन्हें लंबी-लंबी दूरी तय करने की मजबूरी नहीं होगी। इसके लिए रेलवे बड़े पैमाने पर नये डिजाइन वाला अनारक्षित कोच का निर्माण कर रहा है।
रेलवे बोर्ड के अधिकारियों के अनुसार साधारण श्रेणी वाले कोच निर्माण पर फोकस किया जा रहा है। अगले महीने से नियमित ट्रेनों में 370 नया कोच लगाने का काम पूरा कर लिया जाएगा। इसका फायदा यह होगा कि एक लाख अतिरिक्त यात्री प्रतिदिन नये अनारक्षित कोच में यात्रा कर सकेंगे।
अधिकारियों के अनुसार नॉन एसी कोच भी आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा। चेन्नई व कपूरथला रेल कोच फैक्टरी समेत अन्य कोच फैक्टरी में कोच का निर्माण किया जा रहा है। जिसे पूरे देश में चलने वाली ट्रेनों में जोड़कर चलाया जाएगा। कुंभ और होली के दौरान भीड़ बढ़ी तो इन्हीं कोच को जोड़कर अनारक्षित ट्रेन चला दी जाएगी।
इस नीति के तहत रेलवे ने अगले दो साल में 10 हजार साधारण श्रेणी वाले कोच निर्माण कराने जा रहा है। इसका फायदा यह होगा कि आठ लाख यात्री प्रतिदिन नियमित ट्रेनों के साधारण कोच में यात्रा कर सकेंगे। दरअसल बीते दिनों में त्योहार के दौरान चार करोड़ अतिरिक्त यात्रियों की भीड़ उमड़ने से सबक लेते हुए ज्यादा से ज्यादा संख्या में अनारक्षित कोच निर्माण का काम तेज किया गया है।