पश्चिम जिला पुलिस ने शादी का झांसा देकर महिला से दुष्कर्म करने वाले रेलवे कर्मचारी को जयपुर से गिरफ्तार किया है। आरोपी कोलकाता में रेलवे में क्लर्क है। आरोपी की पहचान दौसा, राजस्थान निवासी टीकम के रूप में हुई है। पीड़िता ने मायापुरी थाने में शिकायत की थी। पुलिस आगे की छानबीन कर रही है।
जिला पुलिस उपायुक्त विचित्र वीर ने बताया कि 1 फरवरी 2025 को दी शिकायत में पीड़िता ने बताया कि मैट्रिमोनियल साइट के माध्यम से वह टीकम से मिली। आरोपी ने उससे शादी करने का वादा किया और जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाए। शादी का दबाव बनाने पर आरोपी मुकर गया और भाग गया। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
जांच में पता चला कि आरोपी रेलवे में क्लर्क है और उसकी तैनाती कोलकाता में है। पुलिस की टीम ने आरोपी के पैतृक निवास और कोलकाता स्थित उसके कार्यालय पर दबिश दी। लेकिन वह दोनों जगहों से गायब मिला। उसके कई ठिकानों पर मायापुरी थाना पुलिस ने दबिश दी, लेकिन आरोपी के नहीं मिलने पर जांच की जिम्मेदारी जिले की ऑपरेशन सेल को सौंपी गई। निरीक्षक राजेश मौर्य के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तकनीकी जांच शुरू की। जिसके जरिये पुलिस को आरोपी के जयपुर में छुपे होने की जानकारी मिली। 3 मई को टीम ने गांव सिरोली जयपुर (राजस्थान) में छापा मारकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।