जिले में लगातार राशन की दुकानों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने एक अभियान के तहत छापामार कार्रवाई कराई थी। इस अभियान में मार्च और अप्रैल के करीब 45 दिन में 82 दुकानों का औचक निरीक्षण कराया जबकि 22 पर छापेमारी की गई।
डीएम एनपी सिंह ने बताया कि जिले में राशन डीलरों द्वारा अनियमितता बरतने के लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इसी का संज्ञान लेते हुए टीम बनाकर अभियान छेड़ा गया था। इस अभियान में एक रिपोर्ट दर्ज कराई गई है और 3 दुकानों का लाइसेंस निरस्त किया गया है।
जबकि तीन को दुकानों के लाइसेंस निलंबित किए गए हैं। 14 हजार रुपये की राशि जुर्माने के तौर पर वसूली गई व 42 कुंतल गेहूं और 48 कुंतल चावल बरामद किया है।
इसी तरह साल 2016 में 1002 दुकानों का निरीक्षण और 157 दुकानों पर छापा मारा। 4 मामलों में रिपोर्ट दर्ज कराई गई और 2 लोग गिरफ्तार किए गए। 21 दुकानों को निलंबित किया गया और 18 दुकानों के लाइसेंस निरस्त किए गए।