दिल्ली में कूड़ पर राजनीति जोर पकड़ती जा रही है। जहां केजरीवाल और आम आदमी पार्टी इसे भारतीय जतना पार्टी की सोची समझी साजिश बता रहें हैं, वहीं आज कांग्रेस के उपाध्यक्ष राहुल गांधी भी इस विवाद में कूद पड़े।
वेतन न मिलने के विरोध में हड़ताल कर रहे पूर्वी दिल्ली नगर निगम के सफाई कर्मचारियों से मिलने आज कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी उनके बीच गए।
एमसीडी कर्मचारियों को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि सफाई कर्मचारियों को जब भी उनकी जरूरत हो वह उनके बीच आने के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा कि वह दो-चार दिन तो क्या 15 दिन तक उनके साथ बैठने के लिए तैयार हैं।
राहुल ने कर्मचारियों से बात करने लिए अलग ही तरीका निकाला। दिल्ली की
चिलचिलाती गर्मी में राहुल गांधी कर्मचारियों के बीच गए और सड़क पर उनके
साथ ही बैठ कर बातचीत करने लगे।
उन्होने कहा कि दिल्ली सरकार एमसीडी कर्मचारियों से कह रही है कि आप केंद्र सरकार के पास जाइए और जब उनके पास जाते हैं तो कहते हैं कि राज्य सरकार के पास जाएं। असल में दोनों ही सरकारें अपनी जिम्मेदारी से बचने की कोशिश कर रही हैं।
राहुल ने कहा कि अपनी बात मनवाने के लिए इन दोनों ही सरकारों को अपनी ताकत दिखाना जरूरी है। प्रदर्शन ही ताकत दिखाने का सही तरीका है। आप अपनी ताकत दिखाते रहें और इसमें मैं अपनी भी थोड़ी ताकत जोड़ने के लिए यहां आया हूं।
कल निकाली गई थी शव यात्रा
यहां उन्होंने कूड़ा फैलाया और जमकर नारेबाजी की। इसके बाद वह नारेबाजी करते हुए विवेक विहार पहुंचे। यहां उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष रामनिवास गोयल की शवयात्रा निकाली। इसके बाद उनका पुतला जलाया और उनके घर के समक्ष कूड़ा भी डाला।
सफाई कर्मचारियों ने लक्ष्मी नगर, हर्ष विहार, गोकलपुरी, भजनपुरा, खजूरी खास, सीलमपुर, जाफराबाद, यमुना विहार, नंद नगरी, दिलशाद गार्डन, विवेक विहार, कृष्णा नगर, करावल नगर, गणेश नगर, सीमापुरी, शाहदरा, गीता कालोनी आदि इलाकों में कूड़ा फैलाया।
इसके चलते इन इलाकों में सड़कों पर चक्का जाम हो गया। दूसरी ओर, उत्तरी दिल्ली नगर निगम के सफाई कर्मचारियों ने भी वेतन नहीं मिलने के विरोध में आंदोलनकारी रुख अपनाना शुरू कर दिया है। उन्होंने करोल बाग जोन के उपायुक्त का घेराव किया। इस दौरान उन्होंने नगर निगम के खिलाफ नारेबाजी की।
विधानसभा अध्यक्ष के घर के सामने पहुंचे प्रदर्शनकारी
बता दें कि बृहस्पतिवार को निगम कर्मचारियों ने दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष
रामनिवास गोयल के घर के सामने कूड़े का ढेर गिरा दिया था और उनका पुतला भी
जलाया था।
सफाई कर्मचारी पिछले कई दिनों से कई जगहों पर कूड़ा
फेंकने के साथ-साथ वेतन न मिलने के विरोध में प्रदर्शन कर रहे हैं। इसके
चलते कई मार्गों पर यातायात अवरुद्ध हुआ।
बृहस्पतिवार को एमसीडी
स्वच्छता कर्मचारी यूनियन के अध्यक्ष संजय गहलोत के नेतृत्व में सफाई
कर्मचारियों ने झिलमिल स्थित आरआर डिपो पर भी प्रदर्शन किया।