राहुल गांधी दिल्ली के हिंसाग्रस्त इलाकों का दौरे के लिए रवाना
- फोटो : ANI
राहुल गांधी उत्तर पूर्वी दिल्ली के हिंसा प्रभावित इलाकों के दौरे पर हैं। इस मौके पर कांग्रेस नेताओं का प्रतिनिधि मंडल भी राहुल के साथ मौजूद हैं। कांग्रेस नेता मुकुल वासनिक, कुमारी शैलजा और अधीर रंजन चौधरी भी राहुल गांधी के साथ प्रतिनिधि मंडल में शामिल हैं। राहुल गांधी बृजपुरी में अरुण मॉडर्न पब्लिक स्कूल पहुंच गए है, वहीं कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल चांद बाग इलाके में पहुंच चुका है।
बृजपुरी में एक क्षतिग्रस्त स्कूल का दौरा करने के बाद राहुल गांधी ने कहा कि यह स्कूल दिल्ली का भविष्य है। घृणा और हिंसा ने इसे नष्ट कर दिया है। इस हिंसा से भारत माता को कोई फायदा नहीं है। हर समय हर किसी को एक साथ काम करके भारत को आगे ले जाना होगा।
कांग्रेस सांसद अधीर रंजन चौधरी ने जानकारी दी थी कि राहुल गांधी के साथ एक प्रतिनिधि मंडल आज ही दिल्ली के हिंसाग्रस्त इलाकों के दौरे पर जाएगा। इससे पहले मंगलवार को संसद भवन जाते समय राहुल ने कहा था कि हम सदन में दिल्ली हिंसा के मुद्दे पर चर्चा करने के लिए सरकार पर दबाव बना रहे हैं।
दबाव में हिंसाग्रस्त इलाके में पहुंचे कांग्रेेस नेता
पूर्वोत्तर दिल्ली दौरे पर कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल में शामिल नेता के सुरेश ने कहा कि कांग्रेस सांसदों ने अब तक दंगा प्रभावित क्षेत्रों का दौरा नहीं किया था, जबकि कई पार्टियों के सांसद हिंसाग्रस्त इलाके का दौरा कर चुकें हैं, इसलिए हम पर अपने विधानसभा क्षेत्र काफी दबाव था।
बिधूडी की बयानबाजी
कांग्रेस नेता राहुल गांधी के दिल्ली के हिंसाग्रस्त इलाकों का दौरा करने से पहले भाजपा सांसद रमेश बिधूड़ी ने उन्हें लेकर बड़ा बयान दिया है। भाजपा सांसद ने कहा कि राहुल छह दिन पहले ही इटली से लौटे हैं। क्या वह कोरोनावायरस फैलाना चाहते हैं। राहुल गांधी के उत्तर पूर्वी दिल्ली का दौरा करने से पहले बिधूड़ी ने कहा, 'वहां जाने से पहले, मैं यह पूछना चाहता हूं कि आप छह दिन पहले ही इटली से लौटे हैं। क्या एयरपोर्ट पर आप स्क्रीनिंग टेस्ट से गुजरे थे? क्या आपने बचाव के उचित उपाय अपनाए थे या आप इसे फैलाना चाहते हैं।'