पलवल।
पृथला से विधायक रघुबीर सिंह तेवतिया ने सोमवार को अनाज मंडी का निरीक्षण किया। निरीक्षण में किसानों की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया और संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। मंडी में मौजूद किसानों ने फसल खरीद में हो रही देरी, नमी मापदंडों की सख्ती और अव्यवस्थाओं को लेकर अपनी चिंताएं व्यक्त कीं। निरीक्षण में विधायक ने स्पष्ट किया गया कि फसल खरीद में किसी भी प्रकार की देरी अब बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि खरीद प्रक्रिया को तेज, पारदर्शी और व्यवस्थित बनाया जाए। मंडी में किसानों को अपनी उपज बेचने में किसी तरह की परेशानी न हो।
साथ ही नमी के मापदंडों को लेकर भी सख्त निर्देश दिए गए कि इनका निर्धारण करते समय किसानों की वास्तविक स्थिति को ध्यान में रखा जाए। अनावश्यक रूप से फसल को रिजेक्ट करने की प्रवृत्ति पर रोक लगाने के लिए भी कहा। विधायक ने अधिकारियों को मंडी में मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने, जैसे पेयजल, छाया और सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि किसानों के हितों की रक्षा प्राथमिकता है और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।