मार्केट एसोसिएशन ने की बैठक, धांधली का आरोप लगाया
संवाद न्यूज एजेंसी
नई दिल्ली। सरोजिनी नगर मार्केट एसोसिएशन ने नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) पर आरोप लगाया है कि वह मार्केट के नो वेंडिंग जोन में 416 वेंडर्स को बैठाने की तैयारी कर रही है। मार्केट एसोसिएशन ने सदस्यों के साथ वेंडिंग योजना के विरोध में बैठक की। बैठक में कहा कि एनडीएमसी ने जुलाई में 540 लोगों का सर्वे किया था लेकिन इस सर्वे में न तो स्थानीय पुलिस को और न ही मार्केट एसोसिएशन के दुकानदारों को शामिल किया गया। एनडीएमसी ने सर्वे सूची अपनी वेबसाइट पर जारी कर 15 दिनों तक आपत्तियां मांगी थीं।
मार्केट एसोसिएशन के अनुसार, लगभग 350 नामों पर आपत्ति दर्ज कराई गई थी। दुकानदारों का कहना है कि जिन व्यक्तियों ने कभी भी मार्केट में वेंडिंग या हॉकिंग नहीं की, उनके नाम भी सूची में शामिल कर लिए गए, जिससे बड़ी धांधली हुई है।
एसोसिएशन के अध्यक्ष अशोक रंधावा ने आरोप लगाया कि इन आपत्तियों पर न तो किसी अधिकारी ने कोई जवाब दिया और न ही कोई पत्राचार किया गया।
दुकानदारों ने यह भी बताया कि मार्केट की तीन सर्विस पार्किंग को खत्म कर उसे वेंडिंग जोन में तब्दील कर दिया गया है। एसोसिएशन ने 2005 की धनतेरस की घटना की याद दिलाते हुए कहा कि उस दिन हुए बम धमाके में 50 लोगों की मौत और करीब 150 लोग घायल हुए थे।