80 साल से अधिक उम्र के बुजुर्गों व दिव्यांग मतदाताओं को इस बार घर बैठे मतदान की सुविधा दी जा रही है। ऐसे कुल 2,55,303 मतदाता हैं लेकिन इसमें से सिर्फ करीब चार हजार लोगों ने ही इस सुविधा के लिए आवेदन दिया है। सीईओ कार्यालय के अनुसार मतदान के दिन चुनाव अधिकारी बैलेट लेकर उनके घर जाएंगे और मतदान कराएंगे। यह मतदान भी पूरी तरह गोपनीय होगा। उसकी वीडियो रिकार्डिंग भी कराई जाएगी और उम्मीदवारों के एजेंट भी वहां मौजूद रह सकते हैं।
पिक एंड ड्रॉप की सुविधा
80 वर्ष से अधिक उम्र वाले जिन बुजुर्गों व दिव्यांग मतदाताओं ने घर बैठे मतदान के लिए आवेदन नहीं दिया है उन्हें पिक एंड ड्रॉप की सुविधा दी जाएगी। वोटर हेल्पलाइन नंबर (1950) पर कॉल कर के या मैसेज (7738299899) भेजकर सुविधा की मांग की जा सकती है। मतदाताओं को मैसेज बॉक्स में वोटर कार्ड नंबर और स्पेस देकर पिक लिखकर संबंधित नंबर पर मैसेज करना होगा।
70 मॉडल मतदान केंद्र संभालेंगी महिला अधिकारी
दिल्ली के सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों में एक-एक बूथ मॉडल मतदान केंद्र होंगे। जहां अन्य मतदान केंद्रों की तुलना में अधिक सुविधा होगी। खास बात यह है कि इन 70 मतदान केंद्रों के सभी बूथ पिंक बूथ होंगे। इसका मतलब यह है कि उसकी कमान पूरी तरह महिला अधिकारियों के हाथ में होगी।