जारचा कोतवाली क्षेत्र के छायसा गांव में शनिवार सुबह खेत में अजगर मिलने से अफरातफरी मच गई। कुछ ही देर में सैकड़ों ग्रामीण वहां पहुंच गए। सूचना पर पहुंचे वन विभाग के अधिकारियों ने अजगर को पकड़ लिया। जिला वन अधिकारी (डीएफओ) कृष्ण कुमार सिंह ने बताया कि खेत से अजगर का बच्चा मिला है।
इसका वजन करीब 12 किलो और लंबाई सात फीट है। इसे सूरजपुर स्थित वेटलैंड में छोड़ दिया गया है, ताकि वह अपने माहौल में रह सके। बच्चा मिलने पर अधिकारियों का कहना है कि हो सकता है कि अजगर का जोड़ा भी आसपास हो। उन्होंने खेतों में संभलकर काम करने की अपील ग्रामीणों से की है।
शनिवार सुबह राजवीर अपने बच्चों के साथ धान की कटाई करने के लिए खेत में गया था। परिवार के सभी सदस्य धान काट रहे थे, तभी उन्हें एक अजगर दिखा। डरकर सभी शोर मचाते हुए गांव की ओर भागे। इसके बाद आसपास काम करने वाले किसान उन्हें लेकर वापस खेत पर पहुंचे तो अजगर खेत में शांत पड़ा था।
जानकारी मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई। पुलिस की सूचना पर वन विभाग के अधिकारी अमित कुमार और ताहिर खां गांव पहुंचे और अजगर को ले गए। बाद में उसे सूरजपुर स्थित वेटलैंड में छोड़ दिया गया।
पेड़ पर चढ़कर करता है शिकार
डीएफओ ने बताया कि अजगर बकरी, नील गाय, खरगोश, सियार और गाय के बच्चों का शिकार करता है। वह एक माह में एक बार ही भोजन करता है और विशेष रूप से पेड़ पर चढ़कर अपने शिकार का इंतजार करता है।
जब भी उसका पसंदीदा जानवर उसके पास आता है तो पेड़ से उतरकर उस पर झपटता है और उसके शरीर को लपेटकर मरोड़ देता है। इससे शिकार की हड्डियां टूट जाती हैं और इसके बाद अजगर उसेे निगल जाता है। खाने के समय अजगर मुंह के आकार को एक से डेढ़ फीट तक बढ़ा सकता है।
पहले भी मिल चुका है अजगर
करीब डेढ़ माह पहले ग्रेटर नोएडा कोतवाली क्षेत्र के डाढ़ा गांव के पास भी एक अजगर मिला था। उसका वजन 25 से 30 किलोग्राम था। वन विभाग के अधिकारियों ने उसे भी सूरजपुर स्थित वेटलैंड में भेज दिया था। अधिकारियों ने बताया कि नोएडा से अधिक ग्रेनो क्षेत्र में अजगर मिल रहे हैं।