भीषण गर्मी के बीच शालीमार बाग क्षेत्र के लोगों को अब साफ और ठंडा पीने का पानी आसानी से मिलेगा। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बुधवार को इलाके के कई स्थानों पर वॉटर एटीएम शुरू किए। मशीनों से लोगों को शुद्ध पानी मिलेगा, जिससे खासकर बस्तियों और घनी आबादी वाले इलाकों को राहत मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने एयू ब्लॉक एकता कैंप पीतमपुरा, सोम बाजार रोड आयुर्वेदिक अस्पताल के सामने हैदरपुर, एए सेवा बस्ती फोर्टिस अस्पताल के पास और सीए ब्लॉक सेवा बस्ती शालीमार बाग में लगाए गए वॉटर एटीएम शुरू किए। उन्होंने स्थानीय लोगों को वॉटर एटीएम कार्ड भी वितरित किए, ताकि लोग आसानी से पानी ले सकें। सरकार के मुताबिक सभी वॉटर एटीएम में आधुनिक 5 स्टेज आरओ सिस्टम लगाया गया है। हर मशीन प्रत्येक घंटे करीब 2000 लीटर शुद्ध पानी निकलेगा।
गर्मी में बिना खरीदे मिलेगा ठंडा साफ पानी
गर्मी के मौसम में सबसे ज्यादा परेशानी पीने के साफ पानी की होती है। ऐसे में मजदूरों, राहगीरों, दुकानदारों और झुग्गी-बस्ती क्षेत्रों में रहने वाले परिवारों को इसका सीधा लाभ मिलेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य दिल्ली के हर घर तक साफ पानी पहुंचाना है। वॉटर एटीएम इसी दिशा में एक अहम कदम है। उन्होंने कहा कि आम लोगों को बेहतर सुविधाएं देना सरकार की प्राथमिकता है।
9000 करोड़ खर्चे करेगी सरकार
सीएम ने बताया कि जल आपूर्ति व्यवस्था मजबूत करने के लिए नई पाइपलाइन बिछाने, पुरानी पाइपलाइन बदलने और पूरे नेटवर्क को बेहतर बनाने के लिए करीब 9000 करोड़ रुपये का बजट रखा गया है। इस दौरान मुख्यमंत्री ने सोम बाजार रोड, हैदरपुर क्षेत्र में चल रहे सड़क और अन्य विकास कार्यों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी काम तय समय पर और अच्छी गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं।
मुनक नहर को लेकर सरकार गंभीर
मुख्यमंत्री ने शालीमार बाग के सीए ब्लॉक में मुनक नहर की सफाई और निर्माणाधीन छठ घाट का भी जायजा लिया। उन्होंने कहा कि छठ पूजा से पहले सभी काम पूरे हों, ताकि श्रद्धालुओं को कोई परेशानी न हो। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार साफ, सुविधाजनक और बेहतर राजधानी बनाने के लिए लगातार काम कर रही है।