पंजाब ने दिल्ली को दिए जाने वाले पानी में कटौती कर दी है। इससे आने वाले दिनों में दिल्ली को मिलने वाले पीने योग्य पानी में 25 फीसदी तक की कमी आने का अनुमान है। आम आदमी पार्टी ने इसे दिल्ली के लिए गंभीर स्थिति बताया। साथ ही, केंद्र सरकार से इस मामले में दखल देकर दिल्ली के लोगों के लिए पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है।
स्वास्थ्य मंत्री ने दी यह सलाह
दिल्ली सरकार के स्वास्थ्य मंत्री सत्येद्र जैन ने कहा कि राजधानी में आने वाले दिनों में पानी की कमी हो सकती है। इसे लेकर सरकार बेहद गंभीर है। साथ ही, पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करने के तमाम विकल्पों पर विचार कर रही है। हालांकि, तब तक लोगों को पानी की बर्बादी रोकने की कोशिश करनी चाहिए। मंत्री ने लोगों को सूखी होली खेलने की सलाह भी दी, जिससे पानी का कम से कम नुकसान हो।
कोरोना पर भी किया सचेत
स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने कहा कि पूरे देश में कोरोना संक्रमण की स्थिति लगातार गंभीर हो रही है। इसे देखते हुए राजधानी के लोगों को भी सतर्क रहने की जरूरत है। फिलहाल, दिल्ली में हालात नियंत्रण में है और घबराने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि देश में महाराष्ट्र, केरल और ओडिशा जैसे राज्यों में कोरोना ज्यादा गंभीर स्थिति में है। दिल्ली में लोगों के स्वस्थ होने की दर ज्यादा है और मृत्यु दर बहुत कम है। ऐसे में चिंता करने की कोई बात नहीं है, लेकिन लोगों को संक्रमण से बचने के लिए ध्यान देना चाहिए।