पाकिस्तान जाने वाली सदा-ए-सरहद बस को रोकने के लिए जुटा हजूम, हंगामे के बाद पुलिस ने लाठियां फटकारीं
पुलवामा में हुए आतंकवादी हमले में सीआरपीएफ जवानों की शहादत के बाद लोगों में आतंकवाद और पाकिस्तान के खिलाफ प्रदर्शन लगातार जारी है। मंगलवार को विरोध प्रदर्शन के बीच हाईवे पर बीसवां मील के पास युवाओं ने भारत-पाकिस्तान के बीच चलने वाली बस सदा-ए-सरहद को रोकने की कोशिश की। तमाम युवा एकत्रित होकर पहले से दी गई चेतावनी के अनुसार हाईवे पर पहुंच गए और हंगामा करने लगे। उधर, सूचना पाते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और प्रदर्शनकारियों को बल प्रयोग करते हुए हाईवे से खदेड़ दिया। इतना ही नहीं पुलिस ने मुरथल से ही बस का रूट डायवर्ट कर सोनीपत शहर के बीच से निकालकर बारोटा के सामने वाया नरेला होकर दिल्ली भेज दिया।
रविवार को भारतीय किसान संघ के नेतृत्व में राई इलाके के युवाओं ने आतंकी हमले के विरोध में हाईवे पर उतर कर सदा-ए-सरहद बल को रोकने का प्रयास किया था। लेकिन बाद में पता चला कि बस केवल मंगलवार और वीरवार को आती है। युवाओं ने तय किया था कि वह मंगलवार को बस को रोक कर पाकिस्तान का झंडा उस बस से उतार देंगे। इसे लेकर मंगलवार शाम को ग्रामीण एक बार फिर बढ़खालसा मेमोरियल के पास एकत्रित हुए। ग्रामीणों व युवाओं के रोष को देखते हुए भारी संख्या में पुलिस बल हाईवे पर दोनों तरफ तैनात कर दिया गया।
इस दौरान प्रदर्शनकारियों तथा पुलिस के बीच काफी देर तक नोंकझोंक भी हुई। पुलिस ने मौके से चार प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया। बाद में इन्हें छोड़ दिया गया। इस बीच पुलिस ने आला अधिकारियों को सूचना देकर स्थिति से अवगत कराया। इसके बाद मुरथल से ही शहर के बीचोंबीच से नरेला के रास्ते से बस को दिल्ली में प्रवेश करा दिया गया। जबकि हाईवे पर युवा बस के इंतजार में प्रदर्शन करते रहे। युवाओं के प्रदर्शन के दौरान भाजपा नेता तीर्थ राणा, आजाद सिंह नेहरा व रवींद्र दिलावर भी पहुंचे।
रूट बदलने से सुरक्षित हुई सदा-ए-सरहद बस
बीसवां मील के पास युवाओं की पूर्व सूचना के बाद जुटने और हंगामा होता देखकर पुलिस अधिकारियों ने गुप्त योजना के तहत बस को पहले ही मुरथल से ही भारी सुरक्षा के बीच सोनीपत शहर में प्रवेश कराया। बस को मुरथल से महाराजा अग्रसेन चौक, वहां से महाराणा प्रताप चौक, आईटीआई होते हुए राठधना व सफियाबाद के रास्ते नरेला में भेज दिया। रूट बदले जाने के कारण बस सुरक्षित गंतव्य तक पहुंच गई।
पुलिस ने भीड़ को कई बार लाठियां फटकार कर दौड़ाया
हाईवे पर युवाओं के जमावड़े के बाद पुलिस ने हलका बल प्रयोग करते हुए प्रदर्शनकारियों पर लाठियां भी फटकारीं और हाईवे से खदेड़ दिया। इस दौरान पुलिस ने घेराबंदी कर दी। प्रदर्शनकारियों की पुलिस से कहासुनी भी हुई। इसमें चार युवाओं को पुलिस ने हिरासत में लिया। हालांकि बाद में सभी को छोड़ दिया गया।
पाकिस्तान का झंडा लगी बस तत्काल रोकी जाए : वीरेंद्र
भारतीय किसान संघ के प्रदेश महामंत्री वीरेंद्र बढ़खालसा ने कहा कि पाकिस्तान का झंडा लगी बस का भारत से गुजरना उनके जख्मों पर नमक डालने का कार्य करता है। इसलिए सरकार से मांग करते हैं कि तुरंत प्रभाव से बस को रोका जाए। उन्होंने कहा कि जल्द ही एक महापंचायत बुलाकर अगली कार्रवाई का निर्णय लिया जाएगा। युवाओं ने पाकिस्तान के खिलाफ नारेबाजी व शहीदों का बदला लेने की मांग की। उन्होंने कहा कि वह जल्दी ही इस मामले में निर्णय लेकर केंद्र सरकार को बाध्य करेंगे की यह बस सेवा बंद की जाए। युवाओं को हिरासत में लिए जाने के विरोध में प्रदर्शनकारियों ने राई थाना के बाहर हंगामा खड़ा कर दिया। इसे देखते हुए पुलिस ने बाद में हिरासत में लिए गए युवाओं को रिहा कर दिया।