दिल्ली में बिजली कटौती से परेशान लोगों का सब्र टूटने लगा है। गुस्साए लोग हंगामा, पत्थरबाजी, सड़क जाम और आगजनी पर उतारू हो गए हैं।
बीती रात पूर्वी दिल्ली में बिजली कटौती से परेशान लोगों ने सड़क पर खूब हंगामा किया और डीटीसी की एक बस में तोड़फोड़ करने के बाद आग लगाने की कोशिश की।
हालात से निपटने को पुलिस ने हल्का बल प्रयोग किया। कई पुलिसकर्मी और प्रदर्शनकारी मामूली रूप से घायल भी हुए हैं। पुलिस ने सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने का मामला दर्ज कर तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक पूर्वी दिल्ली के यमुना विहार इलाके में बीती रात बिजली कटौती से परेशान लोग सड़क पर उतर आए। गुस्साए लोगों ने सड़क जाम कर दिया और आते-जाते वाहन में तोड़फोड़ शुरू कर दी।
लोगों का गुस्सा डीटीसी की एक बस पर फूट पड़ा। तोड़फोड़ करने के बाद बस में आग लगाने की कोशिश की। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस को हालात पर काबू पाने के लिए हल्का बल प्रयोग करना पड़ा, जिसमें कई लोगों को चोटें आईं।
गुस्साए लोग पुलिस से भिड़ गए और पथराव कर दिया। इससे कई पुलिसकर्मी भी घायल हो गए। लोगों ने एक पीसीआर वैन के भी शीशे तोड़ दिए। कुछ घायलों को नजदीक के गुरु तेग बहादुर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई।
वहीं मंगलवार की रात पूर्वी दिल्ली के सीमापुरी इलाके में भी बिजली कटौती से परेशान लोग सड़क पर उतर आए और बिजली कंपनी व सरकार के खिलाफ नारेबाजी करने लगे।
पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के कुछ अन्य इलाकों के लोग बिजली कटौती की शिकायत लेकर बिजली कंपनी के कार्यालय पर पहुंच कर हंगामा किया।
पूर्वी दिल्ली के लक्ष्मी नगर, विनोद नगर, पांडव नगर, मंडावली, नंद नगरी, सीमापुरी, त्रिलोकपुरी, सीलमपुर, दक्षिण-पूर्वी जिले के मुस्तफाबाद, करावल नगर, संगम विहार, बदरपुर, देवली, खानपुर और पश्चिमी दिल्ली के उत्तम नगर, द्वारका के कुछ इलाके, पालम, जनकपुरी, सागरपुर, ख्याला, नांगलोई, सुल्तानपुरी, मंगोलपुरी, राजौरी गार्डन, तिलक नगर, हरि नगर सहित कुछ अन्य इलाकों में बिजली की लोड शेडिंग की जा रही है।