उत्तर पश्चिम जिला पुलिस उपायुक्त भीष्म सिंह ने बताया कि 16 नवंबर को सब्जी मंडी रेलवे थाना पुलिस ने महेंद्र पार्क थाना पुलिस को बताया कि आदर्श नगर रेलवे स्टेशन परिसर के शेड नंबर दो के पीछे की झाड़ियों में एक महिला का शव पड़ा है। सूचना मिलते ही महेंद्र पार्क थाने की टीम मौके पर पहुंची। यहां करीब 50 साल की महिला का अर्धनग्न शव पड़ा था, जिसके कपड़े फटे हुए थे। महिला के चेहरे व सिर पर चाकू के घाव थे और मुंह से खून निकल रहा था। देखने से महिला कचरा बीनने वाली लग रही थी। पुलिस ने क्राइम और फोरेंसिक टीम को बुलाया। जिसने मौके से चाकू, महिला और पुरुष की एक जोड़ी चप्पल बरामद की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर हत्या का मामला दर्ज कर लिया।
थाना प्रभारी विजय शानवाल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जांच शुरू की। मृतका के बाएं हाथ पर सीजन नाम का टैटू था। इसी आधार पर पुलिस ने आस पास इलाके में महिला की पहचान करने में जुटी। अगले दिन महिला की पहचान मेट्राे विहार फेज एक होलंबी कलां निवासी किशन दास की पत्नी 52 साल की सीजन के रूप में हुई। जांच में पता चला कि वह वह मानसिक रूप से अस्वस्थ थी और अपने भांजे खुशकन दास के साथ रहती थी। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को शव सौंप दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में महिला के साथ दुष्कर्म की पुष्टि नहीं हुई।
पुलिस ने उसके जाने की दिशा सराय पीपल थला की ओर लगे कैमरों की जांच करते हुए बढोला गांव झुग्गियों तक पहुंची। जहां आरोपी की पहचान सलमान उर्फ बोना के रूप में हुई। पुलिस ने उसके घर पर दबिश दी, लेकिन वह गायब मिला। जांच में पता चला कि सलमान पर लूट और नाबालिग का अपहरण एवं दुष्कर्म का मामला दर्ज है। उसे इस मामले में अदालत में पेश होना था, लेकिन अनुपस्थित होने की वजह से अदालत ने उसके खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी कर दिया। आरोपी का मोबाइल फोन बंद था।