किसानों ने दिल्ली मेरठ एक्सप्रेसवे को किया बंद
- फोटो : अमर उजाला
दिल्ली यूपी को जोड़ने वाले गाजीपुर बॉर्डर पर आंदोलनरत किसानों ने शनिवार सुबह 11 बजे दिल्ली मेरठ-हाईवे की सभी 14 लेन को बंद कर दिया। एनएच-9 के पूरी तरह बंद होने से बॉर्डर के दोनों तरफ भीषण जाम लग गया। इस दौरान किसानों के वाहन और एंबुलेंस के अलावा किसी को भी हाईवे से नहीं निकलने दिया गया।
हालांकि, शाम करीब चार बजे भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के राष्ट्रीय प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत गाजीपुर बॉर्डर पहुंचे। उन्होंने किसानों को समझाकर दिल्ली से गाजियाबाद जाने वाले कैरिजवे को खुलवाया। आंदोलन के चलते गाजियाबाद से दिल्ली जाने वाला रास्ता पहले ही बंद है।
एनएच- 9 के बंद होने की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने बॉर्डर के दोनों तरफ बैरिकेडिंग लगा दी। लोग अप्सरा बॉर्डर, आनंद विहार, गाजीपुर चौक और डीएनडी फ्लाईओवर के माध्यम से दिल्ली से आना-जाना कर रहे थे। हाईवे के बंद होने के कारण सभी रास्तों पर वाहनों का दबाव बढ़ गया।
आनंद विहार पर सबसे खराब स्थिति रही। दिल्ली से गाजियाबाद की ओर जा रहे सभी वाहनों को इसी रास्ते से निकाला जा रहा था। यहां आनंद विहार बस अड्डे से गाजीपुर गांव तक करीब एक किलोमीटर लंबा जाम लग गया था। वहीं, गाजीपुर चौक पर भी वाहनों का दबाव बढ़ गया था। यहां भी करीब पांच घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही।