संवाद न्यूज एजेंसी
नई दिल्ली। केंद्र सरकार की ई-20 (20 प्रतिशत एथेनॉल मिश्रित) पेट्रोल नीति के विरोध में रविवार को जंतर मंतर पर टीम भारत अगेंस्ट एथेनॉल स्कैम के बैनर तले प्रदर्शन किया गया। इसका नेतृत्व उद्यमी और टीवी हस्ती तहसीन पूनावाला ने किया। बड़ी संख्या में लोग हाथों में तख्तियां लेकर पहुंचे और हमारी गाड़ी, हमारा अधिकार के नारे लगाए। प्रदर्शनकारियों ने सरकार से मांग की कि वाहन मालिकों को अपनी जरूरत के अनुसार ईंधन चुनने का अधिकार दिया जाए और ई 20 नीति की दोबारा समीक्षा की जाए।
प्रदर्शनकारियों के अनुसार, उनका विरोध एथेनॉल मिश्रण के खिलाफ नहीं है। सरकार ने लोगों के पास सामान्य पेट्रोल का विकल्प लगभग खत्म कर दिया है। उनके अनुसार, जब तक देशभर में सभी वाहन ई 20 के लिए पूरी तरह तैयार नहीं हो जाते, तब तक लोगों को सामान्य पेट्रोल और ई 20 दोनों में से अपनी पसंद का ईंधन खरीदने की सुविधा मिलनी चाहिए। टीम भारत के सदस्य दिनेश तांतिया ने बताया कि हर गाड़ी की तकनीक अलग होती है। ऐसे में सभी वाहनों पर एक ही तरह का ईंधन लागू करना सही नहीं है।