-केवाईएस ने उठाई रिहाई और मुकदमे वापस लेने की मांग, जंतर मंतर पर बैरिकेड्स की वेल्डिंग कर सुरक्षा और कड़ी
संवाद न्यूज एजेंसी
नई दिल्ली। कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के हालिया प्रदर्शन के बाद बुधवार को जंतर-मंतर पर एक बार फिर छात्रों और युवा संगठनों का प्रदर्शन देखने को मिला। क्रांतिकारी युवा संगठन (केवाईएस) ने कई छात्र और युवा संगठनों के साथ मिलकर देश के अलग-अलग राज्यों में छात्र आंदोलनों पर हो रही पुलिस कार्रवाई के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने गिरफ्तार छात्रों, युवाओं और कार्यकर्ताओं की तत्काल रिहाई, उन पर दर्ज मामलों को वापस लेने और कार्रवाई के लिए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कदम उठाने की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने कहा, छात्रों की आवाज को दबाने की कोशिश नहीं होनी चाहिए। लोकतांत्रिक देश में शांतिपूर्ण प्रदर्शन हर नागरिक का अधिकार है और इस अधिकार का सम्मान किया जाना चाहिए। बुधवार को जंतर-मंतर पर सुरक्षा व्यवस्था पहले से अधिक सख्त नजर आई। प्रदर्शन स्थल के आगे और पीछे लगे बैरिकेड्स को वेल्डिंग कर मजबूत किया जा रहा है। इससे प्रदर्शनकारियों के लिए बैरिकेड्स को पार करना पहले की तुलना में काफी मुश्किल हो जाएगा।