डाबड़ी के सीतापुरी इलाके में शनिवार रात दो हमलावरों ने एक प्रॉपर्टी डीलर को गोली मार दी। घटना के समय पीड़ित अपने दोस्त के साथ घर के बाहर खड़ा था। उसे पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीड़ित को दो गोली लगी है और उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है। पुलिस ने हत्या का प्रयास का मामला दर्ज कर आरोपियों की पहचान करने में जुट गई है।
शनिवार रात पुलिस को सीतापुरी इलाके में एक युवक को गोली मारे जाने की जानकारी मिली। मौके पर पहुंची पुलिस को पता चला कि घायल को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अस्पताल पहुंचने पर पुलिस को पता चला कि युवक को दो गोली लगी है। उसकी पहचान सीतापुरी निवासी संदीप के रूप में हुई है। वह इलाके में प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करता है।
संदीप ने पुलिस को बताया कि वह अपने घर के बाहर अपने दोस्त के साथ खड़ा था। इसी दौरान दो लोग वहां पहुंचे और उसपर गोली चला दी। शुरुआती जांच के बाद पुलिस ने आशंका जताई है कि रंजिश की वजह से उसे गोली मारी गई है। पुलिस घटनास्थल के आस पास के सीसीटीवी कैमरे को खंगालकर हमलावरों की पहचान करने में जुट गई है।