राजधानी में शराब बेचने वाले डिपार्टमेंटल स्टोर में अब आप बीयर व वाइन नहीं खरीद सकेंगे। दिल्ली सरकार के आबकारी विभाग ने इनमें शराब बिक्री बंद करने का निर्णय लिया है। शुक्रवार से दिल्ली के सभी 125 डिपार्टमेंटल स्टोर में शराब बिक्री बंद हो जाएगी।
डिपार्टमेंटल स्टोर्स द्वारा नियम व शर्तों का उल्लंघन करने की वजह से यह निर्णय दिल्ली सरकार के आबकारी विभाग ने लिया है। सभी स्टोर को नोटिस जारी कर दिया गया है।
पिछले दिनों दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को यह जानकारी मिली थी कि डिपार्टमेंटल स्टोर का उपयोग सिर्फ शराब बेचने के लिए किया जा रहा है जबकि इनमें केवल 10-15 प्रतिशत स्थान का ही उपयोग बीयर और वाइन बेचने के लिए हो सकता है।
सिसोदिया ने इन डिपार्टमेंटल स्टोर का औचक निरीक्षण भी किया जिसमें पाया कि इस स्टोर में किराना, वेफर्स, पानी समेत अन्य सामान कम और बीयर व वाइन ज्यादा बेचा जा रहा था। वाइन बेचने के लिए डिपार्टमेंटल स्टोर्स में 50-80 फीसदी जगह का इस्तेमाल किया जा रहा था। यह आबकारी नियमों का स्पष्ट रूप से उल्लंघन है।
इसके बाद उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने दिल्ली में शराब बेचने वाले 125 डिपार्टमेंटल स्टोर्स को बंद करने का फैसला किया। ये दुकानें आबकारी विभाग के लाइसेंस -12 के तहत चल रही थीं।
डिपार्टमेंट स्टोर को नोटिस जारी कर 20 दिसंबर से सभी एल -12 / एल -12 एफ लाइसेंस वापस लेने का फैसला किया गया। नोटिस में कहा गया है कि लाइसेंसधारी भुगतान किया गया शुल्क वापस ले सकते हैं।