योगेंद्र यादव और प्रशांत भूषण समेत चार वरिष्ठ नेताओं पर कार्रवाई, आंतरिक लोकपाल को हटाने जैसे बड़े कदम उठाने के बावजूद आम आदमी पार्टी में मची कलह और बगावत थमने का नाम ही नहीं ले रही है। ऐसे में पहले से ही योगेंद्र-प्रशांत खेमे के कारण बगावत झेल रहे पार्टी के संयोजक और दिल्ली के सीएम केजरीवाल की दिक्कतें बढ़ सकती हैं।
इसका कारण है पार्टी के अन्य नेताओं द्वारा उठाया जा रहा पार्टी के खिलाफ बगावती सुर है। ऐसा इसलिए कहा जा रहा है क्योंकि राष्ट्रीय परिषद की बैठक से निकाले गए प्रो. आनंद कुमार की बातों ने कुछ ऐसे ही संकेत दिए हैं।
उन्होंने पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा, 'आम आदमी पार्टी में आपसी विवाद अब किसी भी स्तर पर जा सकता है। लड़ाई अब बेडरूम, ड्राइंगरुम और रात के अंधेरों तक जाएगी।' यह बात उन्होंने पत्रकारों द्वारा पूछे गए एक सवाल के जवाब में दिया।
केजरीवाल से नाराज हैं विधायक!
गौरतलब है कि आप नेता कुमार विश्वास पर पिछले साल लोकसभा चुनाव के दौरान पार्टी की एक वॉलेंटियर के साथ अवैध संबंध बनाने के आरोप लग रहे हैं। यह आरोप किसी अज्ञात व्यक्ति ने केजरीवाल को मेल भेजकर की थी।
वहीं सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार अब पार्टी के दस विधायक सीएम केजरीवाल से नाराज हैं। इनके नाराजगी की वजह उनके विरोधियों को संसदीय सचिव बनाकर मंत्री का दर्जा दिया जाना है।
विधायकों का यह समूह इस बात से बहुत ही नाखुश हैं और विरोध करने के लिए मौके की तलाश में है। और अगर ऐसा हुआ यकीनन सीएम केजरीवाल की मुश्किलें बढ़ने से कोई नहीं रोक सकता।
बता दें कि एक संसदीय सचिव को मंत्री के बराबर दर्जा मिलता है, जिसकी वजह से उसे गाड़ी, पर्सनल सेक्रेटरी, कार्यालय की सुविधा आदि सब मिल जाते हैं।
केजरीवाल ने कहा, पार्टी में सब ठीक है
इस बीच सोमवार को आप के संयोजक केजरीवाल ने पार्टी में इतना हंगामा हो जाने के बाद भी सबकुछ ठीक होने का दावा किया है। उन्होंने सोमवार को कहा कि पार्टी में सबकुछ ठीक है।
बता दें कि पीएसी के बाद राष्ट्रीय कार्यकारिणी से निकाले जाने के बाद प्रशांत भूषण और योगेंद्र यादव ने बैठक में मारपीट का आरोप लगाया था।
साथ ही प्रशांत भूषण व रमजान चौधरी ने केजरीवाल कैंप पर बैठक का एडिटेड वीडियो जारी करने का आरोप लगाया है। बागी नेताओं का दावा है कि जारी वीडियो में 15 मिनट का वो हिस्सा एडिट कर दिया गया है जिसमें केजरीवाल के इशारे पर विधायक बैठक में हंगामा कर रहे थे।
इन्हीं सब को लेकर जब केजरीवाल से आम आदमी पार्टी की वर्तमान स्थिति के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि पार्टी में सब ठीक है।