अयोध्या पर सुप्रीम कोर्ट का फैसला आने के बाद दूसरे दिन भी रविवार को दिल्ली पुलिस हाई अलर्ट पर रही। ज्यादातर इलाकों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम थे। लोकल पुलिस के साथ रिजर्व पुलिस बल और अर्धसैनिक बलों की 21 कंपनियों को तैनात किया गया था। इससे पूर्व, शनिवार को दिल्ली के पुलिस आयुक्त अमल्य पटनायक सुरक्षा का जायजा लेने के लिए खुद पुरानी दिल्ली समेत कई इलाकों में पहुंचे थे।
दिल्ली के तमाम बाजारों, भीड़ वाले इलाकों, रेलवे स्टेशन, बस अड्डे, एयरपोर्ट, मेट्रो स्टेशनों और सभी धार्मिक स्थलों पर पुलिस मौजूद रही। रविवार को ईद मिलाद उन नबी के मौके पर राजधानी के मुस्लिम बाहुल्य इलाकों में जुलूस निकाले जाने थे। पुलिस ने इन इलाकों में सुरक्षा के खास इंतजाम किए थे। खुफिया एजेंसियां भी सतर्क थीं।
दिल्ली पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि शनिवार को सुप्रीम कोर्ट का फैसला आने के बाद लोगों ने बहुत संयम से काम लिया है। इसके बाद भी शरारती तत्व अपनी हरकतों से बाज नहीं आते। इसीलिए रविवार को भी सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे। शनिवार रात सभी पुलिस उपायुक्त को अपने-अपने इलाके में मुस्तैद रहने की हिदायत दी गई। इसके अलावा, सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने इलाकों में गश्त करने और पिकेट लगाकर जांच करने के लिए कहा गया था।
रविवार होने के बावजूद ट्रैफिक पुलिस के जवानों को भी खास तौर से हिदायत दी गई थी कि कहीं भी जाम की स्थिति न बने। लोकल पुलिस के अलावा रिजर्व पुलिस और अर्धसैनिक बलों की 21 कंपनियों को सुरक्षा में तैनात किया गया। मंदिरों, मस्जिदों और अन्य तमाम धार्मिक स्थलों पर भी सुरक्षा के कड़े इंतजाम थे। पीसीआर, ईआरवी, रफ्तार बाइकों को ज्यादा से ज्यादा पेट्रोलिंग के लिए कहा गया था।
रविवार को भी ड्रोन से संवेदनशील इलाकों में नजर रखी गई। कुछ इलाकों में जगुआर पेट्रोलिंग के अलावा फ्लैग मार्च भी निकाला गया। सोशल मीडिया पर भी दिल्ली पुलिस की नजर बनी रही। सोशल मीडिया के जरिये नफरत फैलाने वाले लोगों पर पुलिस खासकर नजर रखे हुए है।
पुलिस अधिकारियों ने अपील की है कि लोग संयम बनाकर माहौल को सही रखें। कहीं भी कोई शरारती तत्व गड़बड़ी फैलाने की कोशिश करता है तो तुरंत इसकी सूचना लोकल पुलिस या पुलिस नियंत्रण कक्ष को दें। रविवार को भी जामा मस्जिद इलाके में सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे। लोकल पुलिस ने अमन कमेटी व इलाके के बुजुर्ग लोगों के साथ बैठक कर उनसे इलाके में शांति बनाए रखने के लिए कहा।