सावन का पहला सोमवार आज
सावन माह के पहले सोमवार के मद्देनजर तमाम शिवालयों में तैयारी पूरी हो गई हैं। सभी मंदिरों में व्यवस्था बनाए रखने और शिव भक्तों की सुविधा के लिए लाइनों की व्यवस्था की गई है। मंदिरों में पूरा दिन श्रद्धालुओं का तांता लगने की उम्मीद है।
चांदनी चौक स्थित गौरी शंकर मंदिर, मादीपुर स्थित प्राचीन शिव मंदिर, जयपुर हाइवे स्थित शिव मूर्ति, कालकाजी मंदिर, छतरपुर मंदिर, बिडला मंदिर, कनाट प्लेस स्थित हनुमान मंदिर, आसिफ अली रोड स्थित श्रीराम हनुमान वाटिका मंदिर, झंडेवाला समेत सभी प्रमुख मंदिरों के अलावा तमाम शहरों, कॉलोनियों, गांवों आदि स्थित छोटे-बड़े शिव मंदिरों में श्रद्धालु पूजा-अर्चना और शिवलिंग पर जलाभिषेक करेंगे।
गौरी शंकर मंदिर संचालन समिति के सदस्य राहुल शर्मा ने बताया कि सावन माह के पहले सोमवार को श्रद्धालुओं का पूरा दिन तांता लगाने की संभावना है। उनकी सुविधा के लिए दो लाइनों की व्यवस्था की गई है। पूजा-अर्चना करने के लिए आधा दर्जन पंडित उपलब्ध कराए गए हैं। मादीपुर स्थित शिव मंदिर संचालन समिति के सदस्य सुनील शर्मा ने बताया कि बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आने की उम्मीद के मद्देनजर लाइनों की व्यवस्था की गई है।