प्रियंका गांधी वाड्रा (फाइल फोटो)
- फोटो : PTI
गाजियाबाद के विजयनगर थाना क्षेत्र की माता कॉलोनी में सोमवार देर रात स्कूटी सवार बदमाशों ने पत्रकार को गोली मार दी। इस घटना को लेकर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने ट्वीट कर कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाया।
प्रियंका ने ट्वीट किया कि गाजियाबाद राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में आता है। यहां कानून व्यवस्था का ये आलम है तो आप पूरे उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था के हाल का अंदाजा लगा लीजिए।
एक पत्रकार को इसलिए गोली मार दी गई क्योंकि उन्होंने भांजी के साथ छेड़छाड़ की तहरीर पुलिस में दी थी। इस जंगलराज में कोई भी आमजन खुद को कैसे सुरक्षित महसूस करेगा?
मालूम हो कि सिर में गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हुए पत्रकार को यशोदा अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। इस मामले में मंगलवार सुबह गाजियाबाद पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है, वहीं चौकी इंचार्ज राघवेंद्र सस्पेंड कर दिए गए हैं।
पुलिस की लापरवाही से हुई घटना...
बताया जा रहा है कि विक्रम जोशी के रिश्ते में लगने वाली एक लड़की के साथ कुछ दिन पहले छेड़छाड़ की घटना हुई थी। इस संबंध में थाने में नामजद शिकायत की गई थी। आरोप है कि पुलिस ने कोई कार्यवाही नहीं की, जबकि आरोपी पीड़ित पक्ष को लगातार धमकी दे रहे थे। परिजनों का कहना कि विक्रम जोशी पीड़ित परिवार की पैरवी कर रहे थे। इसी बात को लेकर तैश में आकर आरोपी ने घटना को अंजाम दे डाला।