निजी स्कूल के दसवीं कक्षा के छात्र के खुदकुशी करने के मामले में पुलिस ने रविवार को दो शिक्षकों से पूछताछ की है। सोमवार को पुलिस नामजद चार शिक्षकों से पूछताछ करेगी। पुलिस ने नामजद शिक्षकों को जांच में शामिल होने का नोटिस भेजा है।
इससे पहले पुलिस मृत छात्र के कक्षा में पढ़ने वाले चार छात्रों का बयान दर्ज कर चुकी है। 18 नवंबर की दोपहर एक निजी स्कूल में पढ़ने वाले दसवीं के छात्र ने राजेंद्र नगर मेट्रो स्टेशन के प्लेटफार्म से छलांग लगाकर जान दे दी थी। सुसाइड नोट में उसने कुछ शिक्षकों पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया था।
वहीं छात्र के पिता ने दर्ज प्राथमिकी में स्कूल के चार शिक्षकों को नामजद किया और इन पर बेटे को प्रताड़ित करने का आरोप लगाया। उन्होंने प्राथमिकी में घटना वाले दिन स्कूल के ड्रामा क्लास में बेटे से बदसलूकी का जिक्र किया है और आरोप लगाया कि घटना के बाद वह मानसिक तनाव में आकर खुदकुशी की है।
पुलिस ने छात्रों से मृत छात्र के साथ स्कूल में हो रहे व्यवहार और ड्रामा क्लास में उसके साथ हुई बदसलूकी के बारे में जानकारी हासिल की है। पुलिस ने स्कूल प्रशासन से खुदकुशी से पूर्व के स्कूल के सीसीटीवी कैमरे की फुटेज मुहैया करने के लिए कहा।
इसके साथ ही राजेंद्र नगर मेट्रो स्टेशन के सीसीटीवी कैमरे की फुटेज को कब्जे में लिया है। मेट्रो पुलिस उपायुक्त कुशल पाल सिंह ने बताया कि छात्र के खुदकुशी के मामले में उसके पिता ने स्कूल के चार शिक्षकों को नामजद किया है। पुलिस ने नामजद शिक्षकों को जांच में जुड़ने के लिए नोटिस भेजा है। पुलिस अधिकारी के मुताबिक, सोमवार को पुलिस इन नामजद चार शिक्षकों से पूछताछ करेगी।