नई दिल्ली। पीतमपुरा स्थित एक निजी स्कूल ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के बीच में जुलाई से बढ़ी हुई फीस लागू कर दी है। हालांकि स्कूल ने सर्कुलर में फीस में कितनी बढ़ोतरी की गई उसका विवरण नहीं दिया है। मगर, अभिभावकों के अनुसार करीब दस फीसदी की बढ़ोतरी की गई है।
सर्कुलर के अनुसार दिल्ली शिक्षा निदेशालय के निर्देशों के तहत गठित स्कूल स्तरीय फीस नियामक समिति (एसएलएफआरसी) ने 29 जुलाई को 2026-27, 2027-28 और 2028-29 की फीस संरचना को मंजूरी दी थी। बैठक में निदेशालय का पर्यवेक्षक भी मौजूद था। मंजूर फीस अप्रैल से प्रभावी थी, लेकिन अभिभावकों की आर्थिक चिंताओं को देखते हुए स्कूल ने अप्रैल-जून में बढ़ी फीस नहीं ली। वहीं, फोरम फॉर इंडियन पैरेंट्स की निदेशक एवं अधिवक्ता शिखा बग्गा ने आपत्ति जताते हुए कहा कि फीस बढ़ाना कोर्ट के निर्देश का उल्लंघन है। ब्यूरो