सरदार पटेल की जयंती पर प्रधानमंत्री शुक्रवार को पटेल चौक में सरदार वल्लभभाई पटेल को श्रद्धांजलि देंगे और देशवासियों को राष्ट्रीय एकता, अखंडता व सुरक्षा की शपथ दिलाएंगे। हालांकि नेशनल मीडिया सेंटर में पटेल जयंती के तहत कार्यक्रमों की शुरुआत बृहस्पतिवार से ही गई। इंडिया गेट से शुक्रवार सुबह राष्ट्रीय एकता दौड़ होगी।
इसमें स्कूली बच्चों के अलावा दिल्ली प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय और आईपी यूनिवर्सिटी के छात्र हिस्सा लेंगे। एनसीसी कैडेट और एनएसएस वॉलंटियर सहित आम लोग और एनजीओ कर्मी भी दौड़ेंगे। देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा की दौड़ विजय पथ से होते हुए केंद्रीय सचिवालय, पटेल चौक तक जाएगी।
बृहस्पतिवार को केंद्रीय शहरी विकास मंत्री एम वेंकैया नायडू समेत कई अन्य वरिष्ठ नेताओं ने पटेल चौक में तैयारी का जायजा भी लिया। वहीं नेशनल मीडिया सेंटर में पटेल जयंती के तहत कार्यक्रमों की शुरुआत बृहस्पतिवार से ही गई।
नेशनल मीडिया सेंटर में हुई परिचर्चा
नेशनल मीडिया सेंटर में बृहस्पतिवार शाम को आकाशवाणी की ओर सरदार पटेल जयंती के उपलक्ष्य पर सरदार पटेल स्मारक व्याख्यान 2014 के तहत मार्क्सिज्म, सोशलिज्म और इंटीग्रल ह्यूमनिज्म पर परिचर्चा हुई। कार्यक्रम में सांसद डॉक्टर चंदन मित्रा ने सोशल मीडिया, राजनीति, मीडिया आदि की आजादी पर चर्चा करते हुए आर्थिक व राजनीतिक ताकत से ही देश का भविष्य तय होने पर जोर दिया।
विश्वविद्यालयों में क्विज
इस दौरान यूजीसी चयनित 529 विश्वविद्यालयों समेत 21 डिम्ड यूनिवर्सिटी कैंपस में भी कार्यक्रम होंगे। इस दौरान छात्रों को क्विज, फिल्म आदि के माध्यम से भी जोड़ा जाएगा। वहीं जामिया, जेएनयू, इंदिरा गांधी दिल्ली महिला तकनीकी विश्वविद्यालय में सबसे पहले राष्ट्रीय एकता की शपथ, कैंपस में छोटी-सी दौड़ फिर पटेल की जीवनी पर परिचर्चा और पेंटिंग प्रतियोगिता होगी। जामिया में नाटक ‘हम एक हैं’ से देश की एकता की जानकारी दी जाएगी।
वहीं दिल्ली विश्वविद्यालय में वाद-विवाद प्रतियोगिता, पैनल डिसक्शन, सरदार पटेल पर फिल्म की स्क्रीनिंग, डीयू परेड और डीयू रन फॉर यूनिटी का आयोजन होगा। शुक्रवार सुबह डीयू में भी राष्ट्रीय एकता दिवस की शपथ ली जाएगी। कुलपति प्रोफेसर दिनेश सिंह सरदार पटेल की मूर्ति का विमोचन करेंगे। विश्वविद्यालयों के रजिस्ट्रार को यूजीसी ने कॉर्डिनेटर बनाते हुए कार्यक्रम की डिटेल भेजने को निर्देश दिया है।