प्रेरणा जनसंचार एवं शोध संस्थान में रविवार को फोटोग्राफी पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस दौरान फोटोग्राफी विशेषज्ञ विनोद कुमार सिंह ने पत्रकारिता के छात्रों का फोटोग्राफी की तकनीक से परिचय कराया।
विनोद कुमार सिंह ने तस्वीरों का महत्व बताते हुए कहा कि हर चित्र में कुछ न कुछ छिपा रहता है। उससे हमारी मधुर यादें जुड़ी रहती हैं। पत्रकारिता में फोटोग्राफी के महत्व को स्पष्ट करने के लिए उन्होंने छात्रों को कई उदाहरण दिए। कहा कि फोटोग्राफी के बिना आज की पत्रकारिता अधूरी है। इस दौर में मोबाइल कैमरा की जरूरत को पूरा कर रहा है जिससे हर इनसान कैमरा मैन है।
तकनीकी सत्र में उन्होंने छात्रों से कहा कि फोटोग्राफी की बारीकियों पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए। कार्यशाला में अलग-अलग संस्थानों से आए छात्रों ने फोटोग्राफी के गुर सीखे। कार्यशाला में आए छात्रों को प्रमाण पत्र भी प्रदान किए गए।
इसके पूर्व कार्यशाला का उद्घाटन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय कार्यकारिणी सदस्य अशोक वेरी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान प्रेरणा जन संचार एवं शोध संस्थान की निदेशक वंदना पांडेय, माखनलाल चतुर्वेदी विवि नोएडा के प्रोफेसर बीएस निगम आदि मौजूद रहे।