- राष्ट्रीय भौतिक प्रयोगशाला के साथ साझेदारी में अगले सत्र से इस प्रोग्राम को शुरू करने की बनाई जा रही योजना
-यह कार्यक्रम अभी दो-तीन आईआईटी संस्थानों में उपलब्ध है
-आईपीयू इस कार्यक्रम को शुरू करने वाला देश का पहला विश्वविद्यालय होगा
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय (आईपीयू) अगले सत्र से मेट्रोलॉजी में बीटेक प्रोग्राम शुरू करने की योजना बना रही है। यह कार्यक्रम अभी दो-तीन आईआईटी में उपलब्ध है। आईपीयू इस कार्यक्रम को शुरू करने वाला देश का पहला विश्वविद्यालय होगा। यह कार्यक्रम भारतीय ज्ञान प्रणाली और इंजीनियरिंग के आधुनिक चमत्कारों का मिश्रण होगा।
आईपीयू के द्वारका परिसर में आयोजित शिक्षक दिवस कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के कुलपति पद्मश्री प्रो. डॉ. महेश वर्मा भी मौजूद थे। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय राष्ट्रीय भौतिक प्रयोगशाला (एनपीएल) के साथ एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर कर अगले शैक्षणिक सत्र से मेट्रोलॉजी में बीटेक कार्यक्रम शुरू करने की योजना है। उन्होंने छात्रों से इस क्षेत्र में अधिक भागीदारी करने का आग्रह किया जो नवाचार और औद्योगिक विकास की रीढ़ है।
आईपीयू के अनुसार मेट्रोलॉजी बुनियादी इंजीनियरिंग की रीढ़ है। इस अवसर पर एनपीएल के निदेशक प्रो. वेणु गोपाल अचंत ने मापन विज्ञान में एनपीएल के अत्याधुनिक कार्य पर विचार साझा किए।