नई दिल्ली। दिल्ली प्रदेश हज कमेटी ने हज-2027 की तैयारियां शुरू कर दी हैं। हज कमेटी ऑफ इंडिया की ऑनलाइन कुर्रा (लॉटरी) प्रक्रिया के बाद दिल्ली के 2706 लोगों का हज यात्रा के लिए चयन हुआ है। चयनित सभी यात्रियों को 10 अगस्त तक प्रति व्यक्ति 1,52 लाख रुपये की अग्रिम हज राशि जमा करानी होगी। समय पर राशि जमा नहीं करने पर हज सीट रद्द हो सकती है।
हज कमेटी के कार्यकारी अधिकारी अशफाक अहमद आरफी ने बताया कि अग्रिम राशि हज कमेटी ऑफ इंडिया की वेबसाइट पर ऑनलाइन या स्टेट बैंक ऑफ इंडिया व यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की किसी भी शाखा में जमा की जा सकती है। अंतिम तिथि तक भुगतान नहीं करने वालों की सीट निरस्त हो सकती है। राशि जमा करने के बाद यात्रियों को हज आवेदन पत्र की हस्ताक्षरित प्रति, रंगीन फोटो, शपथ पत्र, कैंसिल चेक, पासपोर्ट की फोटोप्रति, चिकित्सा प्रमाण पत्र व अन्य दस्तावेज हज मंजिल स्थित कार्यालय में जमा करने होंगे, जिसके लिए अलग से सूचना दी जाएगी।
दिल्ली स्टेट हज कमेटी की चेयरपर्सन कौसर जहां ने चयनित यात्रियों को बधाई देते हुए कहा कि सभी आवश्यक सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराने के लिए कमेटी पूरी तरह तैयार है। संवाद