-300 से अधिक घाटों पर होगी पूजा, मॉडल घाटों पर सीसीटीवी कैमरे से लेकर चेंजिंग रूम और शौचालय तक की होगी व्यवस्था
अमर उजाला ब्यूरो
पूर्वी दिल्ली। यमुनापार में छठ पूजा को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं। इस बार भी यमुना किनारे और रिहायशी इलाकों में बड़े स्तर पर अस्थायी छठ घाट बनाए जाएंगे। यमुनापार में इस बार 300 से अधिक घाट तैयार किए जाएंगे। इनमें यमुना किनारे बनने वाले 24 घाट मॉडल घाट होंगे। इन घाटों पर छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष इंतजाम किए जाएंगे। सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। इसके अलावा चेंजिंग रूम, शौचालय, रोशनी और प्रवेश द्वार की व्यवस्था भी की जाएगी। जिला प्रशासन ने छठ पूजा की तैयारियों को लेकर संबंधित विभागों को निर्देश देने शुरू कर दिए हैं। अगले सप्ताह जिला प्रशासन के अधिकारी छठ पूजा समितियों के साथ बैठक करेंगे। इसमें घाटों की व्यवस्था, साफ-सफाई, सुरक्षा और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर चर्चा की जाएगी।
इस बार यमुना किनारे बनाए जाने वाले सभी 24 घाटों को मॉडल घाट के रूप में विकसित किया जाएगा। इन घाटों पर सरकार की ओर से सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। श्रद्धालुओं के लिए प्रवेश द्वार बनाए जाएंगे। साथ ही महिलाओं के लिए चेंजिंग रूम, शौचालय और पर्याप्त रोशनी का इंतजाम रहेगा। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए घाटों पर सीसीटीवी कैमरे भी लगाए जाएंगे। छठ पूजा के दौरान व्रतियों को घाटों तक पहुंचने में परेशानी न हो, इसके लिए रास्तों को समतल करने के निर्देश दिए गए हैं। नगर निगम और सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग को कहा गया है कि घाटों तक जाने वाले रास्तों पर पत्थर और अन्य रुकावटें नहीं होनी चाहिए। रास्ते साफ और समतल रखे जाएं, ताकि व्रतियों को आने-जाने में परेशानी न हो।
पिछले साल फिर शुरू हुई थी यमुना किनारे पूजा
उत्तर-पूर्वी जिला के जिलाधिकारी अजय कुमार के अनुसार, पहले यमुना किनारे छठ पूजा पर प्रतिबंध लगा दिया गया था। पिछले साल से एक बार फिर यमुना किनारे पूजा शुरू हुई है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में पूर्वांचल के बड़ी संख्या में लोग यमुनापार में रहते हैं। इसी वजह से यहां छठ पूजा के दौरान सबसे अधिक भीड़ जुटती है। इसे देखते हुए घाटों पर बेहतर सुविधाएं और सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराने की तैयारी की जा रही है।